पुल निर्माण में अनियमितता का आरोप लगा ग्रामीणों ने काम रोका
बड़का चुंबा पंचायत अंतर्गत पड़रिया के दर्जनों ग्रामीणों ने करोड़ों रुपये की लागत से कुकुरडुब्बा नदी पर बन रहे पुल निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाकर शनिवार को निर्माण कार्य को रोक दिया।
संवाद सूत्र, गिद्दी (रामगढ़) : बड़का चुंबा पंचायत अंतर्गत पड़रिया में करोड़ों रुपये की लागत से कुकुरडुब्बा नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा है। शनिवार को ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाकर काम को रोक दिया। लोगों ने संवेदक के विरोध में नारेबाजी कर अपना आक्रोश प्रकट किया। बताया कि सेंगर कंट्रक्शन तेनुघाट द्वारा करीब 1.24 करोड़ रुपये की लागत से पिछले एक वर्ष से पड़रिया से अरगडा माइंस जाने वाले मार्ग के कुकुरडुब्बा नदी पर पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। परंतु निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि संवेदक द्वारा पुल निर्माण में मेटल के रूप में घटिया फरकल्ली का उपयोग किया गया है। पुल की छत ढलाई में कहीं-कहीं 5-6 इंच की ढलाई की गई है। बीम बिना भेभरेट खड़ा किया गया है। साथ ही उपयोग हो रहे सरिया भी गुणवक्ता युक्त नहीं है। ग्रामीणों की मांग है कि संवेदक जबतक गड़बड़ी को ठीक कर निर्माण कार्य में गुणवक्ता युक्त सामग्री का उपयोग नहीं करता है तब तक निर्माण कार्य बंद रहेगा। मांग करने वालों में अरूण गोस्वामी, सुरेंद्र सिंह, दीपक बेदिया, उमेश बेदिया, धर्मेंद्र सिंह, रोहित बेदिया, आनंद गोस्वामी, रामविलास बेदिया, अशोक बेदिया, गोपाल बेदिया, सुनील बेदिया, सुरेश सिंह, आनंद बेदिया, निशांत सिंह आदि शामिल हैं।