झारखंड के पूरव जैन ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता सिल्वर मेडल; चतरा के दीपक भी चमके
राष्ट्रीय इंस्पायर अवॉर्ड में रामगढ़ के पूरव जैन ने रजत पदक जीतकर झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। ...और पढ़ें

पुरस्कार के साथ पूरव जैन व अन्य। जागरण
HighLights
पूरव जैन ने राष्ट्रीय इंस्पायर अवार्ड में रजत पदक जीता।
झारखंड ने पहली बार शीर्ष तीन में स्थान प्राप्त किया।
दीपक कुमार को भी राष्ट्रीय पुरस्कारों में जगह मिली।
संवाद सहयोगी, रामगढ़। राष्ट्रीय इंस्पायर अवॉर्ड में झारखंड ने इतिहास रच दिया है। देश भर में रामगढ़ के पूरव जैन ने रजत पदक जीत कर रामगढ़ सहित राज्य का नाम राष्ट्रीयस्तर पर गौरवांवित किया है। 12वीं राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में चतरा के दीपक कुमार भी टाप 60 राष्ट्रीय पुरस्कार में शामिल हुए है। नई दिल्ली में 12वीं राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में झारखंड ने इतिहास रचते हुए देश भर में रजत पदक हासिल किया है।
यह पहला अवसर है जब झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर टाप थ्री में स्थान मिला है। शहर के आर्मी स्कूल रामगढ़ के पूरव जैन ने यह उपलब्धि हासिल की है। गंगा स्मारक उच्च विद्यालय गिधौर चतरा के दीपक कुमार को भी टाप 60 राष्ट्रीय पुरस्कार में स्थान मिला है।
भारत मंडपम में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने विजेताओं को पुरस्कृत कर हौसला बढ़ाया है। पूरव जैन को पुरस्कार स्वरूप प्रमाण पत्र, मोमेंटो और एक लैपटाप भेंट किया गया है।
जैन का नवप्रवर्तन पूरव जैन ने विद्युत उपभोग के देखरेख का अभिनव उपकरण पर अपना विचार प्रस्तुत किया था। उनके विचार को बीआइटी मेसरा में मेंटरशिप कार्यक्रम के द्वारा वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम ने काफी सुधार कराया था। दीपक ने स्मार्ट बोरवेल पाइप कटर पर नवप्रवर्तन प्रस्तुत किया था।

निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजेश प्रसाद और इंस्पायर अवार्ड मानक राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी नीलम आईलीन टोप्पो ने इस उपलब्धि पर विजेताओं को बधाई देते हुए उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित करने की घोषणा की है। दिल्ली में झारखंड टीम के साथ सहायक राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. शाहनवाज कुरैशी, डॉ. नूतन कुमारी सिन्हा, राम कुमार दास, मनु कुमारी, अभिषेक राज, दिनकर स्वराज शामिल थे।
इधर, रामगढ़ जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमारी खुशबू ने भी इस उपलब्धी पर पूरव को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है। साथ ही इसे बेहतर मार्ग दर्शन व शिक्षकों की मेहनत का सुखद परिणाम बताया है।
