विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामगढ़ के गोला बालू घाट पर वर्चस्व की लड़ाई, हथियार लहराए: सीता सोरेन की बेटी भी पहुंची

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:30 PM (IST)

पूर्व विधायक सीता सोरेन की बेटियों और बालू कारोबारी डब्बू सिंह के समर्थकों के बीच हुए इस विवाद के बाद ...और पढ़ें

गोला के पारसाडीह स्थित दामोदर बालू घाट पर वर्चस्व को लेकर दो गुटों में झड़प हुई।

गोला के पारसाडीह स्थित दामोदर बालू घाट पर वर्चस्व को लेकर दो गुटों में झड़प हुई।

HighLights

  1. दामोदर बालू घाट पर दो गुटों में वर्चस्व की झड़प।

  2. विवाद में हथियार लहराए गए, हवाई फायरिंग की आशंका।

  3. सीता सोरेन की बेटियों और डब्बू सिंह के समर्थक शामिल।

संवाद सूत्र, गोला (रामगढ़)। गोला प्रखंड के हेसापोड़ा पंचायत अंतर्गत पारसाडीह स्थित दामोदर बालू घाट में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर रविवार की शाम को दो गुटों में हथियार लहराया गया। घाट पर नियंत्रण और बालू कारोबार को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था, जाे हिंसक टकराव में बदल गया।

दोनों पक्षों के समर्थकों के आमने-सामने आने से घाट क्षेत्र में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों तरफ से हथियार निकाले गए, पिस्टल भी चमका। इससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद जामा के पूर्व विधायक सीता सोरेन की बेटी भी पहुंची। इसके बाद गोला थाने में देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। बताया गया कि कुजू निवासी बालू काराेबारी डब्बू सिंह ने दो-तीन दिन पहले बालू घाट में काम शुरू किया था।

विवाद के बाद रविवार की शाम सीता सोरेन की दोनों बेटियां राजश्री व जयश्री समर्थकों व ग्रामीणों के साथ पहुंचीं और डब्बू सिंह के लोगों को वहां से हटने को कहा। इस पर विवाद हो गया। इस दौरान दोनों गुट के बीच झड़प हुई। घटना में हवाई फायरिंग की भी है।

दहशत फैलाने के लिए दोनों पक्षों की ओर से एक-एक राउंड गोलियां चलाई गई। हालांकि, गोली चलने की घटना की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे विवाद में बालू कारोबारी डब्बू सिंह और जामा की पूर्व विधायक सीता सोरेन की बेटियों राजश्री एवं जयश्री से जुड़े गुटों के बीच टकराव की बात सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि बालू के उठाव, कारोबार और घाट पर वर्चस्व कायम करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से खींचतान चल रही थी। इसी पुरानी तनातनी ने बीती शाम गंभीर रूप ले लिया। इधर, सीता सोरेन की दोनों बेटियां रविवार देर रात तक अपने समर्थकों के साथ गोला थाना में जमी रहीं। देर रात तक थाना परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

बालू घाट पर किसका नियंत्रण रहेगा, इसको लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अब सबकी नजर पुलिस और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने तथा बालू घाट पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।

ग्रामीणों में दहशत, खूनी संघर्ष की आशंका

घटना के बाद पारसाडीह और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो दोनों गुटों के बीच विवाद और गहरा सकता है। हथियारों के खुलेआम प्रदर्शन और फायरिंग की चर्चा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

क्षेत्र में किसी बड़ी अप्रिय घटना अथवा खूनी संघर्ष की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच करने की मांग की है।

साथ ही बालू घाटों पर पुलिस निगरानी बढ़ाने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और विवाद में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

बालू घाट को लेकर आपसी विवाद था। इसको लेकर दाे पक्षों में बहस हुआ था। हथियार लहराने या हवाई फायरिंग जैसी कोई बात नहीं है। मामला काे सुलझा लिया गया है। फिलहाल घाट से बालू उठाव नहीं हो रहा है।
- अभिषेक कुमार, थाना प्रभारी, गोला रामगढ़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।