वेस्ट बोकारो में सीपीआइ के मजदूर नेता की हत्या
रामगढ़ : दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल को सोमवार को अपराधियों ने खून से रंग दिया। वेस्ट बोक
रामगढ़ : दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल को सोमवार को अपराधियों ने खून से रंग दिया। वेस्ट बोकारो ओपी के लाइयो में सोमवार की रात साढ़े आठ बजे पंडाल से घर लौट रहे सीपीआइ के मजदूर नेता बालेश्वर महतो (55 वर्ष) की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बालेश्वर यूनाइटेड कोल वर्क्स यूनियन से संबद्ध थे इसके साथ ही वह एलआइसी एजेंट भी थे।
बताया गया कि वह लईयो चौक पर हो रही दुर्गा पूजा की आरती में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। घर पहुंच वह दरवाजा ठकठका ही रहे थे कि घात लगाए बैठे अपराधियों ने गोली चला दी। एक गोली उनके सीने में लगी और वो चीख मार कर गिर गये। उनकी आवाज सुन परिजन व आसपास के लोग उन्हें लेकर रांची रोड स्थित होप अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बीच पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को सदर अस्पताल ले जाया गया। बालेश्वर महतो की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक और पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंच गए। वहां लोग मजदूर नेता के पक्ष में व लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे हैं। माहौल तनावपूर्ण है लेकिन पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा है। कई इलाकों में नाकेबंदी कर छापामारी शुरू कर दी गई है। मालूम हो कि अभी कुछ दिनों पूर्व ही आजसू के मजदूर नेता सतीश सिन्हा को भी भुरकुंडा स्थित उनके कार्यालय के अंदर अपराधियों ने गोली मार दी थी। संयोग से वह मौत के मुंह से निकल आये। इसके पूर्व कोल आउटसोर्सिग कंपनी बीजीआर के मैनेजर मल्लिकार्जुन मुत्थू को भी भुरकुंडा में उनके आवास के सामने ही अपराधियों ने गोली से उड़ा दिया था। आठ वर्ष पूर्व भी हुआ था अपहरण आठ वर्ष पहले भी बालेश्वर महतो का अपहरण कर लिया गया था। उनके अपहरण में शामिल बाजीराम नामक युवक लईयो का ही रहने वाला था अभी तक जेल में है। बालेश्वर के दो बेटी एक बेटा है जो रामगढ़ के बाहर पढ़ाई करते हैं। उनकी पत्नी ममता देवी भी सदर अस्पताल में ही है।