सड़क पर चलते-चलते सीमेंट से लदे ट्रक में धधकी आग, रामगढ़ में बाल-बाल बची ड्राइवर की जान
रामगढ़ जिले के बरकाकाना में लोको चौक के पास सोमवार देर रात एक सीमेंट लदे ट्रक में अचानक आग लग गई।

धू-धू कर जला ट्रक। फोटो जागरण
HighLights
बरकाकाना में लोको चौक के पास सीमेंट लदे ट्रक में लगी आग।
चालक ने सूझबूझ से ट्रक से निकलकर अपनी जान बचाई।
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
संवाद सूत्र, बरकाकाना (रामगढ़)। रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत लोको चौक के समीप सोमवार की देर रात को एक सीमेंट लदे 10 चक्का ट्रक में अचानक आग लग गई।
आग ट्रक के पिछले चक्के के पास लगी और देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि ट्रक (JH10 DJV0426) रामगढ़ की ओर से आ रही थी। इसी दौरान लोको चौक के समीप चालक को ट्रक के पिछले हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया।
जब तक चालक कुछ समझ पाता, पिछले चक्के के पास आग भड़क उठी। चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और सुरक्षित बाहर निकल गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना तत्काल बरकाकाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रामगढ़ से अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया गया।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- गिरिडीह के बगोदर में ज्वेलर्स से 11 लाख की लूट, घर के सामने पिस्तौल तानकर सोना-चांदी और नकदी से भरा बैग छीना
