विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह के बगोदर में ज्वेलर्स से 11 लाख की लूट, घर के सामने पिस्तौल तानकर सोना-चांदी और नकदी से भरा बैग छीना

Published: Mon, 21 Sep 2026 10:39 PM (IST)

बगोदर के अटका में एक आभूषण व्यवसायी बंटी कुमार सोनी से उनके घर के सामने पिस्तौल के बल पर 11 ...और पढ़ें

पीड़ित व्यवसायी बंटी कुमार सोनी ने बगोदर थाना में दर्ज कराई FIR

पीड़ित व्यवसायी बंटी कुमार सोनी ने बगोदर थाना में दर्ज कराई FIR

HighLights

  1. बगोदर के अटका में आभूषण व्यवसायी से लाखों की लूट।

  2. पिस्तौल के बल पर 11 लाख के सोने-चांदी और नकदी छीने।

  3. चार बाइक सवार अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम।

संवाद सहयोगी, बगोदर / गिरिडीह। बगोदर थाना क्षेत्र के अटका में एक आभूषण व्यवसायी से बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर उनके घर के सामने से नकदी समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। घटना रविवार रात की है।

पीड़ित व्यवसायी बंटी कुमार सोनी ने सोमवार को बगोदर थाना में आवेदन देकर शिकायत की है। सोनी ने बताया कि अटका चौक स्थित अपने सिद्धी ज्वेलर्स नामक प्रतिष्ठान को रोज की तरह बंद करके बाइक से अपने घर आ रहे थे। वह घर के पास पहुंच चुके थे।

इसी दौरान बगोदर की ओर से दो बाइक पर सवार चार लोग पहुंचे। कुछ समझ पाते, तब तक अपराधियों ने बाइक रोककर पिस्तौल तान दी और उनका बैग छीनकर फरार हो गए।

बैग में 60 ग्राम सोने के जेवरात, डेढ़ किलो चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद थे। इनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि सभी अपराधी हेलमेट पहने हुए थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी गोरहर की ओर भाग निकले।

सूचना मिलने पर बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस जांच-पड़ताल करते हुए अपराधियों की धर-पकड़ के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।