झारखंड में पोल गाड़ने को लेकर पुलिस से भिड़े ग्रामीण, डीएसपी सहित कई घायल
पोल गाड़ने के विवाद में पुलिस व ग्रामीणों के बीच मारपीट हो गई। इसमें मुख्यालय डीएसपी प्रकाश सोय सहित कई घायल हो गए। घटना झारखंड के रामगढ़ की है।
संवाद सूत्र, गोला (रामगढ़)। झारखंड में रामगढ़ के हप्पु सब-स्टेशन में बुधवार को पोल गाड़ने के विवाद में पुलिस व ग्रामीणों के बीच मारपीट हो गई। इसमें मुख्यालय डीएसपी प्रकाश सोय सहित दोनों ओर से करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।
बताया गया कि बिजली विभाग के अधिकारियों ने गोला सीओ पुलिस बल के साथ सब-स्टेशन में पोल गाड़ने का काम शुरू किया। इस दौरान रैयत पहुंचकर कार्य का विरोध करने लगे। ग्रामीणों कहना था कि मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। वहां से निर्णय आने के बाद ही काम करने दिया जाएगा। इस क्रम में प्रशासन की ओर से लोगों को समझाने का प्रयास किया। पर इसी बीच दोनों ओर से जोरदार बहस होते-होते अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। इसमें कई ग्रामीण घायल हो गए। मुख्यालय डीएसपी सहित पुलिस बल के कई जवान भी घायल हो गए।
ग्रामीणों का कहना था कि 1956 में विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण किया गया है, उस वक्त बिना मुआवजा भुगतान किए ही जमीन का अधिग्रहण किया गया था। इसको लेकर हाईकोर्ट में मामला दायर किया गया है। गत दिन प्रशासन एवं लोगों के बीच जिला में वार्ता भी हुई थी। लेकिन वार्ता विफल रही। घटना के बाद रामगढ़ एसडीओ अनंत कुमार के नेतृत्व में बरलंगा व गोला थाना पुलिस सब स्टेशन पहुंचे, जहां विद्युत सब ग्रिड के लिए पोल गाड़ने का काम शुरू कर दिया गया।