चैनगड्डा में भीषण सड़क दुघर्टना, दो की मौत
संवाद सूत्र भुरकुंडा/भदानीनगर (रामगढ़) भदानीनगर ओपी अंतर्गत चैनगड्डा फोरलेन पुल के पास।
संवाद सूत्र, भुरकुंडा/भदानीनगर (रामगढ़): भदानीनगर ओपी अंतर्गत चैनगड्डा फोरलेन पुल के पास बुधवार की शाम भीषण सड़क दुघर्टना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार टाटा इंडिगो कार (जेएच 02एएच 8934) से चार लोग सवार होकर रामगढ़ से भुरकुंडा होते हुए रांची की ओर जा रहे थे। इसी बीच फोरलेन चैनगड्डा हेहल पुल के पास गाड़ी अनियंत्रित हो करीब 100 फीट दूर खेत में जाकर पलट गई। गाड़ी बहुत तेज गति में थी। इस भीषण सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। तत्काल काफी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत घटना स्थल पर हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को तत्काल भदानीनगर ओपी पुलिस एवं स्थानीय लोगों द्वारा रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों में एक और युवक की मौत सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई है। मृतकों में एक युवक हजारीबाग पेलावल कृष्णानगर और दूसरा युवक कटमसांडी का बताया जाता है। पेलावल निवासी आशुतोष सिंह एवं एक अन्य घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। सड़क दुघर्टना में मृतक एवं घायल सभी हजारीबाग के रहने वाले हैं।