चेन्नई से बरकाकाना पहुंचे 1151 प्रवासी श्रमिक
ेसंवाद सूत्र घाटो केदला में बिहार कोलियरी कामगार यूनियन से संबंधित सीटू ने गुरुवार को विरोध दिवस मनाया गया। मौके पर सीसीएल हजारीबाग एरिया के एरिया सचिव बसंत कुमार ने कहा कि कोरोना वायरस के इस दौर में देश की कुछ राज्य सरकारें मजदूरों को हक मारने की साजिश कर रही है। मजदूरों का काम आठ घंटे से बढ़ाकर 12 घंटा करना किसी भी मायनों में ठीक नहीं है। केन्द्र सरकार इस पर ठोस कदम उठाकर मजदूरों के हक और अधिकार को रक्षा करने का काम करें। वहीं इस महामारी में लड़ रहे स्वास्थकर्मियों व सफाईकर्मियों को व्यापक सुरक्षा देने का काम सरकार करे। वहीं मौजूदा समय में काम कर रहे ठेका मजदूरों का प्रोत्साहन राशि दिया जाए। मौके पर नौशादआलम चन्द्रभूषण वकील महतो प्रयाग महतो मिथलेश्वर राय शंकर रजवार भुनेश्वर महतो तीर्थराज सिंह इम्तियाज आलम हरिलाल संजीवन सिंह अरुण तिर्की सहित दर्जनों लोग शामिल थे।
संवाद सूत्र, बरकाकाना(रामगढ़) : चेन्नई से सूबे के 1151 प्रवासी श्रमिक गुरुवार को बरकाकाना पहुंचे। विशेष श्रमिक ट्रेन 06128 चेन्नई सेंट्रल से 12 मई की रात 11 बजे खुली। विजयवाड़ा-टाटानगर होते हुए ट्रेन गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे बरकाकाना जंक्शन पहुंची। प्रवासी श्रमिकों में राज्य के 23 जिलों के नागरिक बरकाकाना पहुंचे। वहीं बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के 13 प्रवासी भी शामिल रहे। रामगढ़ एसडीओ किर्तीश्री के नेतृत्व में सभी श्रमिकों को शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए स्टेशन परिसर के बाहर पार्किंग तक लाया गया। यहां श्रमिकों को मास्क, सैनिटाईजर और नाश्ता देकर बसों में बैठाकर गृह जिला रवाना किया गया। ट्रेन आने से पहले स्टेशन परिसर और बसों को सैनिटाइज किया गया। पूरी मुहिम के दौरान अधिकारी माईक से दिशा निर्देश देते रहे। डाल्टेनगंज निवासी अमरेश कुमार ने कहा कि लॉकडाउन में बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इधर घरवाले भी मुश्किलों से जूझ रहे थे। ट्रेन चलाए जाने से लोगों को काफी राहत मिली है।
---------
रामगढ़ के 31 और पलामू के 521 शामिल
झारखंड लौटने वाले नागरिकों में बोकारो के आठ, चतरा के 12, देवघर के पांच, धनबाद के तीन, दुमका के 13, पूर्वी सिंहभूम के 20, गढ़वा के 262, गिरिडीह के 12, गोड्डा के दो, गुमला के नौ, हजारीबाग के 36, जामताड़ा के छह, कोडरमा के तीन, लातेहार के 14, लोहरदगा के नौ, पाकुड़ के 22, पलामू के 521, रांची के 49, सरायकेला के 11, सिमडेगा के 4, पश्चिमी सिंहभूम के 86 और रामगढ़ के 31 श्रमिक शामिल हैं। जबकि बिहार और ओडिशा के एक-एक और पश्चिम बंगाल के 11 प्रवासी शामिल हैं।
---
जिले के प्रवासियों को क्वारंटाइन के लिए भेजा चेन्नई से लौटे रामगढ़ के 31 प्रवासियों को प्रशासन ने संक्रमण की जांच के लिए भेज दिया है। बताया गया कि उन्हें सरकारी अथवा होम क्वारंटाइन में रहना होगा। श्रमिकों में वार्ड संख्या सात के निवासी ज्यादा हैं। दूसरे जिलों के श्रमिकों को उनके जिलों में होम या सरकारी क्वारंटाइन में रखा जाएगा। दूसरे राज्य के प्रवासियों के संबंध में प्रशासन ने फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी है।
-----
पूरी सतर्कता बरत रही प्रशासन : एसडीओ
रामगढ़ एसडीओ किर्ती श्री ने कहा कि प्रवासी श्रमिकों को लेकर प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रही है। अपने गृह जिले में श्रमिकों की स्क्रीनिग कराई जाएगी। क्वारंटाइन में लोग जरा लापरवाही ना करें। रामगढ़ जिला प्रशासन हर परिस्थिति में नागरिकों के साथ है।