विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहन की शादी में आना चाहता था घर, दलाल के चक्कर में पड़कर दुबई की जेल पहुंचा पलामू का युवक; पिता ने लगाई गुहार

Published: Wed, 28 Oct 2026 10:22 AM (IST)

पलामू का एक युवक बहन की शादी में घर आने की चाहत में दलाल के झांसे में आकर दुबई की ...और पढ़ें

दुबई की जेल पहुंचा पलामू का युवक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

दुबई की जेल पहुंचा पलामू का युवक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पलामू का युवक बहन की शादी के लिए घर आना चाहता था।

  2. दलाल के झांसे में आकर दुबई की जेल में बंद हो गया।

  3. पिता ने बेटे की रिहाई के लिए पुलिस से मदद मांगी है।

संवाद सूत्र,जपला (पलामू)। बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर लौटने की चाहत एक युवक के लिए मुसीबत बन गई। आरोप है कि घर भेजने का भरोसा देकर एक दलाल ने उसे अपने जाल में फंसा लिया, जिसके बाद वह दुबई की जेल में बंद हो गया। अब बेटे की रिहाई की आस में परेशान पिता ने हुसैनाबाद थाना प्रभारी से मदद की गुहार लगाई है।

मामला हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दादरा गांव (दंगवार) का है। गांव निवासी ललन पासवान ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अपने 23 वर्षीय पुत्र शशि कुमार पासवान को दुबई की जेल से रिहा कराने में सहायता करने का अनुरोध किया है।

2025 में काम करने गया था दुबई

आवेदन के अनुसार, शशि वर्ष 2025 में एक कंपनी के अनुबंध पर काम करने के लिए दुबई गया था। इसी बीच उसकी छोटी बहन की शादी 26 जून 2026 को तय हुई। शादी में शामिल होने के लिए वह घर लौटना चाहता था। इसी दौरान वह कथित तौर पर एक दलाल के संपर्क में आया। 

पिता का आरोप है कि घर भेजने का भरोसा देकर दलाल ने उससे पैसे भी ले लिए। हालांकि, बाद में प्रशासन की कार्रवाई के दौरान दलाल के साथ शशि भी दुबई की जेल में बंद हो गया।

बेटे की रिहाई के लिए लगा रहे गुहार

बेटे के विदेश की जेल में बंद होने की खबर से परिवार परेशान है। जिस घर में बहन की शादी की तैयारियां होनी थी, वहां अब बेटे की रिहाई को लेकर चिंता बनी हुई है। ललन पासवान ने थाना प्रभारी से मामले में आवश्यक पहल कर अपने पुत्र की रिहाई में मदद करने की मांग की है।

इधर, शशि की पत्नी सुमित्रा ने दूरभाष पर बताया कि उनके पति ने उन्हें जानकारी दी है कि दलाल ने उन्हें टेलीग्राम से जुड़े एक मामले में फंसा दिया है। उनके अनुसार, शशि पिछले तीन महीने से जेल में बंद है।

फिलहाल, युवक की गिरफ्तारी के वास्तविक कारणों, मामले की कानूनी स्थिति और रिहाई की संभावनाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में परिवार को अपने बेटे की घर वापसी के लिए संबंधित अधिकारियों की पहल का इंतजार है।

यह भी पढ़ें- पलामू में दिल दहला देने वाली घटना, नवजात का शव मुंह में दबाकर अस्पताल पहुंचा कुत्ता; मचा हड़कंप