विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

108 और 112 में कॉल के बाद भी नहीं मिली मदद; पलामू में सड़क हादसे में युवक की मौत, एक घायल

Published: Mon, 12 Oct 2026 01:07 PM (IST)

पलामू के मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ पर बाइक और टेंपो की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. मोहम्मदगंज में बाइक-टेंपो टक्कर में युवक रोहित की मौत।

  2. घायल को अस्पताल पहुंचाने में आपातकालीन सेवा में देरी।

  3. ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और त्वरित प्रतिक्रिया की मांग की।

संवाद सूत्र, मोहम्मदगंज (पलामू)। मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ पर भजनिया स्थित नागाबाबा मंदिर के पास सोमवार सुबह बाइक और टेंपो की टक्कर में रोहित (पुत्र उदेश राम) की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस और 112 आपातकालीन सेवा पर कई बार कॉल किया, लेकिन उनके अनुसार, तत्काल मदद नहीं मिली। अंततः थाने के मोबाइल नंबर पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

मृतक मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के बटउआ गांव का निवासी था और अपने ननिहाल रामनगर में रहता था। जानकारी के अनुसार, वह अपने साथी के साथ बाइक से घर की ओर जा रहा था।

इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे टेंपो से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में रोहित के गले में गंभीर चोट आई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। दूसरे युवक का माथा फट गया। गंभीर रूप से घायल युवक को स्वजन हुसैनाबाद अस्पताल ले गए।

आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद 108 एंबुलेंस और 112 पर संपर्क करने के बावजूद तत्काल सहायता नहीं मिली। 

ऐसे में घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों और परिजनों को व्यवस्था करनी पड़ी। घटना ने क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं।

एक माह में कई दुर्घटनाएं

स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ पर भजनिया के मल्होरी टोला से सबनवा मोड़ तक एक माह के भीतर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

ग्रामीणों ने तेज रफ्तार पर नियंत्रण, नियमित यातायात निगरानी और दुर्घटनास्थलों पर सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

उनका सवाल है कि वर्षों से बाइक जांच अभियान चलने के बावजूद हादसों पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है। लोगों ने 108 एंबुलेंस और 112 सेवा को भी अधिक तत्पर बनाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- मनरेगा खत्म, नई 'वीबी जी रामजी' योजना आई, लेकिन मजदूरों और ठेकेदारों को भुगतान का इंतजार