डालटनगंज रेलवे स्टेशन पार्किंग में गूंजी किलकारी, हड़ताल के कारण नहीं मिली एंबुलेंस
डालटनगंज रेलवे स्टेशन की पार्किंग में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया। एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के कारण सेवा ...और पढ़ें

डालटनगंज रेलवे स्टेशन
HighLights
महिला ने डालटनगंज स्टेशन पार्किंग में बच्चे को जन्म दिया।
एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के कारण सेवा उपलब्ध नहीं हो पाई।
निजी वाहन से अस्पताल पहुंचने पर जच्चा-बच्चा दोनों सामान्य।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। डालटनगंज रेलवे स्टेशन की पार्किंग में सोमवार की शाम एक महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया गया, लेकिन कर्मियों की हड़ताल के कारण एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी।
बाद में निजी वाहन की व्यवस्था कर महिला और नवजात को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया गया। अस्पताल में जच्चा-बच्चा दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
रेलवे स्टेशन परिसर में ही प्रसव पीड़ा शुरू
जानकारी के अनुसार, महिला गढ़वा जिले के मैदान गांव की निवासी बताई जा रही है। सोमवार की शाम वह डालटनगंज रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद थी। इसी दौरान उसे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की हालत बिगड़ती देख वहां मौजूद लोगों ने मदद की कोशिश की। इसी बीच स्टेशन की पार्किंग में ही महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्टेशन अधीक्षक उमेश कुमार ने तत्काल एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया। हालांकि, एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के कारण समय पर सेवा उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद निजी वाहन की व्यवस्था कर महिला और नवजात को अस्पताल भेजा गया।
यह भी पढ़ें- 108 और 112 में कॉल के बाद भी नहीं मिली मदद; पलामू में सड़क हादसे में युवक की मौत, एक घायल
स्टेशन परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी
रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से महिला और नवजात को अस्पताल पहुंचाया जा सका। घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
एंबुलेंस सेवा पर उठे सवाल
सार्वजनिक स्थान पर प्रसव जैसी आपात स्थिति में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाना स्वास्थ्य सेवाओं की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। हालांकि, निजी वाहन की व्यवस्था होने से महिला और नवजात को अस्पताल पहुंचाया जा सका।
