विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू: फोन पर बात करने को लेकर पति से हुआ विवाद, पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान

Published: Thu, 22 Oct 2026 01:23 PM (GMT+05:30)

पलामू के पाटन थाना क्षेत्र में फोन पर बात करने को लेकर पति से हुए विवाद के बाद एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

जहरीला पदार्थ खाकर दी जान (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जहरीला पदार्थ खाकर दी जान (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. पति से फोन पर बात करने को लेकर हुआ विवाद।

  2. विवाद के बाद महिला ने जहरीला पदार्थ का सेवन किया।

  3. इलाज के दौरान मेदिनीराय अस्पताल में महिला की मौत।

संवाद सूत्र, पाटन (पलामू)। पाटन थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में गुरुवार की सुबह जहरीला पदार्थ खाने से 22 वर्षीय रंजू देवी की मौत हो गई। वह गांव निवासी रविंद्र कुमार की पत्नी थी। स्वजन उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। 

मृतका के ससुर लाल बिहारी मोची के अनुसार, दो दिन पहले रंजू देवी किसी अन्य युवक से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसके पति रविंद्र कुमार ने उसे फोन पर बात करते देख लिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। 

दो दिनों तक खाना नहीं खाया 

ससुर के मुताबिक, विवाद के बाद रंजू ने दो दिनों तक खाना नहीं खाया और मानसिक तनाव में रहने लगी। बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे रंजू ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे किशनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। 

वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और जवान अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।