झारखंड के पलामू में दो समुदाय के बीच बमबाजी, तनाव के बाद शांति
गांव की सीमा पर स्थित पहाड़ी पर महायज्ञ के आयोजन को लेकर एक समुदाय ने झंडा गाड़ दिया। दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया।
पलामू, जेएनएन। झारखंड में पलामू जिले के चैनपुर थाना अंतर्गत काराकाट बंदुआ-कुदागा गांव की सीमा पर स्थित पहाड़ी पर महायज्ञ के आयोजन को लेकर एक समुदाय ने बुधवार की सुबह झंडा गाड़ दिया। दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया। इसके बाद एक समुदाय ने बमबाजी की। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। इसे पूरी घटना से क्षेत्र में तनाव उत्पन्न हो गया है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवानों ने स्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, चैनपुर प्रखंड के काराकाट-बंदुआ गांव स्थित पहाड़ी पर महायज्ञ आयोजन को लेकर झंडा की स्थापना की गई। बगल के गांव कुदागा के दूसरे समुदाय के लोगाें ने विरोध शुरू कर दिया। पहाड़ी के नीचे बम फोड़ दिया। इससे एक व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गया। दूसरा बम आयोजन स्थल पर फेंका गया, पर नहीं फटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा है। डीएसपी सुरजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं।
इस संबंध में पलामू के एसपी इंद्रजीत महथा ने बताया कि उक्त स्थल पर भादवि की धारा 144 लागू है। किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। बताया कि बुधवार को उक्त स्थल पर यज्ञ आयोजन को लेकर दोनों समुदाय के बीच दिन के 10 बजे बैठक होने वाली थी। इससे पहले ही उक्त स्थल पर कुछ लोग पहुंच गए। कहा कि स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।