पलामू के पांकी में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 13 पेटी शराब और 250 लीटर स्प्रिट बरामद
पलामू के पांकी में पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में ...और पढ़ें
-1784811977596_m.webp)
HighLights
पांकी में अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री पकड़ी गई।
13 पेटी नकली शराब और 250 लीटर स्प्रिट बरामद हुई।
झारखंड सरकार के नकली स्टीकर और रैपर भी मिले।
संवादसूत्र, मेदिनीनगर/पांकी (पलामू)। पांकी थाना पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के निर्माण और बिक्री के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए नकली शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया है।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 13 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, 250 लीटर स्प्रिट समेत भारी मात्रा में नकली रैपर, सरकारी स्टीकर और अन्य सामग्री बरामद की है। मामले में पांकी थाना कांड संख्या-123/2026 दर्ज कर मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गुरुवार को पांकी थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में लेस्लीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार-2 एवं थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि 22 जुलाई को शाम करीब 3:30 बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पांकी थाना क्षेत्र के जिरो टोला बाधमरी स्थित लाला सिंह की दुकान में अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण एवं खरीद-बिक्री का कारोबार संचालित किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।छापेमारी के दौरान दुकान बाहर से बंद मिली। पुलिस ने ताला तोड़कर तलाशी ली, जहां से 13 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, 250 लीटर स्प्रिट से भरे पांच गैलन, विभिन्न ब्रांडों के शराब के रैपर, झारखंड सरकार के लोगो वाले 1,940 स्टीकर, शराब को रंग देने वाला रासायनिक पदार्थ तथा 1,530 खाली कांच की बोतलें बरामद की गईं।
बरामद रैपरों में स्टर्लिंग रिजर्व, मास्टर ब्लेंडर्स सिग्नेचर व्हिस्की, रॉयल स्टैग सहित अन्य ब्रांडों के नकली रैपर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि नकली शराब तैयार कर उसे असली ब्रांड के नाम पर बाजार में खपाने की तैयारी थी।
इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं झारखंड उत्पाद (संशोधन) अधिनियम, 2015 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नकली शराब का यह नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापेमारी दल में एसडीपीओ प्रशांत कुमार-2 के साथ पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, एएसआई नवल किशोर दुबे, हवलदार राजेश बरवा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
यह भी पढ़ें- विनीत तिवारी हत्याकांड: पलामू पुलिस ने मुख्य आरोपी को झांसी से गिरफ्तार, जमीन विवाद में हुई थी हत्या
