'मेरे पति को वापस ला दो...', दुबई की जेल में कैद शशि की राह ताकते अस्पताल पहुंची पत्नी, रुला देगी पलामू की यह कहानी
दुबई जेल में बंद पति शशि कुमार पासवान की रिहाई की आस में उनकी पत्नी सुमित्रा कुमारी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

दुबई की जेल में कैद शशि की राह ताकते अस्पताल पहुंची पत्नी, रुला देगी पलामू की यह कहानी
HighLights
पति की रिहाई की आस में पत्नी सुमित्रा की तबीयत बिगड़ी
पलामू के शशि कुमार पासवान दुबई जेल में बंद हैं
सरकार से पति को वापस लाने की लगातार गुहार
संवाद सूत्र, जपला (पलामू)। सात समंदर पार दुबई में पति की रिहाई की आस लगाए बैठी 20 वर्षीय सुमित्रा कुमारी की जिंदगी इन दिनों चिंता और मानसिक पीड़ा के बीच गुजर रही है। पति की वापसी की उम्मीद में महीनों से सरकार से गुहार लगा रही सुमित्रा की तबीयत आखिरकार बिगड़ गई।
बेहोशी की हालत में परिजनों ने उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया। इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दादरा गांव निवासी सुमित्रा के पति शशि कुमार पासवान वर्ष 2025 में एक कंपनी के अनुबंध पर काम करने दुबई गए थे।
इसी बीच उनकी छोटी बहन की शादी 26 जून 2026 को तय हुई। शादी में शामिल होने के लिए शशि घर लौटना चाहते थे। इसी दौरान वह कथित तौर पर एक दलाल के संपर्क में आए। शशि के पिता का आरोप है कि दलाल ने घर भेजने का भरोसा देकर उनसे पैसे भी ले लिए।
हालांकि, बाद में प्रशासन की कार्रवाई के दौरान दलाल के साथ शशि भी हिरासत में ले लिए गए और दुबई की जेल में बंद कर दिए गए। तब से वह जेल में हैं। पति की हिरासत की खबर के बाद से ही सुमित्रा उनकी रिहाई के लिए परेशान हैं। वह लगातार सरकार से हस्तक्षेप कर पति को वापस लाने की गुहार लगा रही हैं।
पति से दूरी और उनकी रिहाई को लेकर बनी अनिश्चितता ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया है। जानकारी के अनुसार, लगातार तनाव और खान-पान पर ध्यान नहीं देने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। अस्पताल में इलाज के दौरान सुमित्रा रोती-बिलखती रहीं।
वहां मौजूद लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया। एक ओर पति की सुरक्षित वापसी की उम्मीद है, तो दूसरी ओर अनिश्चित भविष्य की चिंता। सुमित्रा को अब सरकारी पहल और पति की रिहाई का इंतजार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।