विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू में अब मुफ्त नहीं मिलेगा नल का पानी? 263 गांवों में टैक्स वसूलने की तैयारी, हर कनेक्शन पर 62 रुपये तय

Published: Mon, 26 Oct 2026 12:13 PM (IST)

पलामू जिले के 263 गांवों में 'हर घर नल-जल योजना' के तहत पानी पर टैक्स लगेगा, जिसकी न्यूनतम राशि प्रति ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. पलामू के 263 गांवों में पानी पर टैक्स।

  2. प्रति कनेक्शन न्यूनतम 62 रुपये निर्धारित राशि।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी नल से मिलने वाले पानी के लिए टैक्स देना होगा। पलामू जिले के 263 गांवों में हर घर नल-जल योजना के कनेक्शन पर टैक्स वसूलने की तैयारी की गई है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने प्रति कनेक्शन 62 रुपये की राशि निर्धारित की है।

हालांकि, टैक्स वसूली के लिए ग्राम सभा की मंजूरी अनिवार्य होगी। ग्राम सभा निर्धारित राशि में बढ़ोतरी कर सकती है, लेकिन इसे 62 रुपये से कम नहीं किया जा सकेगा।

चैनपुर प्रखंड की भड़गांवा पंचायत में 14 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभा में टैक्स वसूली के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही पंचायत में प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में पानी पर टैक्स वसूली की दिशा में यह पहली पहल बताई जा रही है।

ग्राम जल समिति के खाते में जमा होगी राशि

पानी के टैक्स से मिलने वाली राशि ग्राम जल समिति के खाते में जमा की जाएगी। इस राशि का उपयोग हर घर नल-जल योजना के रखरखाव और मरम्मत पर किया जाएगा। योजना के तहत शुरुआती पांच वर्षों तक संवेदक (ठेकेदार) को रखरखाव की जिम्मेदारी दी जाती है। पांच वर्ष की अवधि पूरी होने के बाद योजना के संचालन और मरम्मत के लिए अलग से राशि उपलब्ध नहीं होने की समस्या सामने आती है।

इसी को देखते हुए विभाग ने टैक्स के माध्यम से रखरखाव के लिए धन जुटाने की पहल की है। पलामू जिले के 263 गांवों में नल-जल योजना को स्थापित हुए पांच वर्ष पूरे हो चुके हैं। ऐसे में इन गांवों में ग्राम सभा के माध्यम से टैक्स वसूली की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। विभाग का कहना है कि अभियान आगे बढ़ने के साथ इसमें और गांवों को भी शामिल किया जाएगा।

ग्राम सभा बढ़ा सकती है टैक्स की राशि

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता जेसन होरो के अनुसार, योजना के शुरुआती पांच वर्षों तक संवेदक मरम्मत का काम करता है। इसके बाद योजना के रखरखाव के लिए राशि की व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने बताया कि लोगों को यह समझाना होगा कि नल-जल योजना उनकी अपनी योजना है और इसके बेहतर संचालन के लिए उनकी भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रति कनेक्शन 62 रुपये की राशि निर्धारित की गई है। ग्राम सभा इस राशि को बढ़ा सकती है। फिलहाल जिले के 263 गांव इस अभियान से जुड़ रहे हैं। अभियान का विस्तार होने के साथ अन्य गांवों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। 

यह भी पढ़ें- कोडरमा में अब गैस सिलेंडर की बुकिंग से मिलेगा छुटकारा, घरों तक पाइपलाइन से पहुंचेगी PNG; जानें कब से मिलेगी सुविधा

यह भी पढ़ें- रांची में PNG नेटवर्क विस्तार को रफ्तार: 6 महीने में 40000 नए घरों तक पहुंचेगी पाइपलाइन गैस, 14 इलाके चिह्नित