कोडरमा में अब गैस सिलेंडर की बुकिंग से मिलेगा छुटकारा, घरों तक पाइपलाइन से पहुंचेगी PNG; जानें कब से मिलेगी सुविधा
झुमरीतिलैया में पाइपलाइन के माध्यम से पीएनजी (पाइप्ड नैचुरल गैस) आपूर्ति की योजना तेजी से बढ़ रही है, जिसमें अब ...और पढ़ें

झुमरीतिलैया में 35 किलोमीटर पीएनजी पाइपलाइन का विस्तार पूरा हुआ।
HighLights
झुमरीतिलैया में 35 किलोमीटर पीएनजी पाइपलाइन का विस्तार पूरा हुआ।
900 से अधिक घरों में पीएनजी गैस आपूर्ति शुरू हुई।
जागरण संवाददाता, कोडरमा। रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी और बार-बार सिलेंडर बदलने की झंझट से जल्द ही झुमरीतिलैया शहर वासियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। शहर में पाइपलाइन के माध्यम से पीएनजी (पाइप्ड नैचुरल गैस) पहुंचाने की योजना तेजी से आगे बढ़ रही है।
अब तक 35 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और 900 से अधिक घरों में गैस आपूर्ति शुरू हो गई है। मार्च 2027 तक शहर के हर हिस्से में पीएनजी सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे हजारों परिवारों को घर बैठे निर्बाध गैस आपूर्ति का विकल्प मिल सकेगा।
भारत सरकार की पीएनजी 3.0 मुहिम के तहत झुमरीतिलैया में पाइपलाइन विस्तार और घरेलू कनेक्शन देने का काम जारी है। शहर में पांच हजार से अधिक घरों तक पीएनजी सेवा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक गैस कनेक्शन के लिए 3500 पंजीकरण हो चुका है। फिलहाल प्रभात कॉलोनी, गांधी स्कूल रोड, मेडिकल कालोनी, चित्रगुप्त नगर, तिलैया बस्ती और सीडी कालोनी में पीएनजी सुविधा उपलब्ध है।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के एक पदाधिकारी ने बताया कि अगले चरण में अड्डी बंगला, छठ तालाब रोड, पानी टंकी रोड और ताराटांड़ समेत झुमरीतिलैया के अन्य इलाकों में नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। मार्च 2027 तक शहर के सभी हिस्सों में पीएनजी सेवा उपलब्ध कराने की योजना है।
इसके बाद चंदवारा और कोडरमा में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा। पीएनजी कनेक्शन मिलने से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर बुक कराने और उसके खाली होने पर नया सिलेंडर मंगाने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। गैस की खपत के अनुसार मीटर रीडिंग के आधार पर बिल का भुगतान करना होगा।
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी मिलेगी राहत
शहर में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार होने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई कारोबार से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। शहर में रामेश्वरम होटल, होटल सूर्या, स्वीट संगम, पाजी किचन, होटल जय माता दी और ला पिनोज पिज्जा में व्यावसायिक पीएनजी कनेक्शन लगा हुआ है।
इसके अलावा आनंद विहार, कन्हैया कन्फेक्शनर, बंदना स्वीट्स के दो कनेक्शन, जायका होटल सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी कनेक्शन शुरू करने की प्रक्रिया जारी है। इससे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सिलेंडर की बुकिंग या मंगाने की प्रक्रिया से राहत मिलेगी।
ऐसे प्राप्त कर सकते हैं कनेक्शन
पीएनजी कनेक्शन लेने के इच्छुक नागरिक झुमरीतिलैया स्थित आईओसीएल कार्यालय में पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 06534314388 पर काल करके भी जानकारी और कनेक्शन के लिए संपर्क किया जा सकता है।
कनेक्शन के लिए 6,500 रुपये जमा करने होंगे। इसमें 500 रुपये पंजीकरण शुल्क है, जबकि शेष 6,000 रुपये कनेक्शन बंद कराने की स्थिति में वापस किए जाने का प्रविधान है। पीएनजी कनेक्शन के लिए बिजली बिल, मकान का होल्डिंग नंबर, आधार कार्ड आदि में से कोई एक दस्तावेज जमा कराना होगा।
