झारखंड श्रमाधान पोर्टल पर श्रमिकों का पंजीकरण जारी, तीन कैटेगरी में लाखों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
झारखंड श्रमाधान पोर्टल पर श्रमिकों का व्यापक पंजीकरण अभियान शुरू हुआ है, जिसका लक्ष्य पलामू जिले में 31 मार्च 2027 ...और पढ़ें

निर्माण, असंगठित व प्रवासी श्रमिकों को तीन श्रेणियों में बांटकर मिलेगा सरकारी योजनाओं का।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। लाखों श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हासिल करने का रास्ता अब आसान होगा। श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास विभाग ने झारखंड श्रमाधान पोर्टल के माध्यम से श्रमिकों का व्यापक पंजीकरण अभियान शुरू किया है।
विभाग ने अभियान को लेकर आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत पलामू जिले में 31 मार्च 2027 तक 2,43,601 श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग ने अभियान का नारा ‘पंजीकरण करें, योजनाओं का लाभ प्राप्त करें, सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करें’ रखा है।
पंजीकरण के बाद श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। पोर्टल के माध्यम से पात्र श्रमिक योजनाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
तीन श्रेणियों में होगा पंजीकरण
अभियान के तहत श्रमिकों को तीन प्रमुख श्रेणियों में पंजीकृत किया जाएगा। इनमें भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार (बीओसीडब्ल्यू), असंगठित क्षेत्र के श्रमिक और राज्य से बाहर अथवा विदेश में कार्यरत प्रवासी श्रमिक शामिल हैं। विभाग का प्रयास है कि इन श्रेणियों में आने वाला कोई भी पात्र श्रमिक सरकारी सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
निर्माण श्रमिकों के लिए 14 योजनाएं
बीओसीडब्ल्यू श्रमिकों के लिए राज्य में 14 कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। इनमें औजार सहायता, साइकिल सहायता, मृत्यु/दुर्घटना सहायता, मेधावी पुत्र-पुत्री छात्रवृत्ति, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व प्रसुविधा, अंत्येष्टि सहायता, विवाह सहायता, पेंशन, निःशक्तता पेंशन, परिवार पेंशन, अनाथ पेंशन और सेफ्टी किट योजना शामिल हैं।
असंगठित श्रमिकों को भी मिलेगा लाभ
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों में छोटे किसान, घरेलू कामगार, रेहड़ी-पटरी वाले, रिक्शा चालक समेत विभिन्न प्रकार के कामगार शामिल हैं। राज्य में ऐसे श्रमिकों की संख्या करीब 94 से 96 लाख आंकी गई है। इनके लिए मृत्यु/दुर्घटना सहायता, मातृत्व प्रसुविधा, अंत्येष्टि सहायता, कौशल उन्नयन, उपचार सहायता, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन और विवाह सहायता जैसी योजनाएं संचालित हैं।
रोजगार के लिए बाहर गए श्रमिकों का भी होगा पंजीकरण
पलामू से बड़ी संख्या में श्रमिक रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों और विदेशों में काम कर रहे हैं। ऐसे प्रवासी श्रमिकों को भी श्रमाधान पोर्टल पर पंजीकृत किया जाएगा। जिले में करीब दो लाख प्रवासी श्रमिकों के दूसरे राज्यों अथवा विदेश में कार्यरत होने का अनुमान है।
विदेश में कार्यरत श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री झारखंड अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना समेत अन्य सहायता उपलब्ध है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में प्रवासी श्रमिकों को त्वरित सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराना है। वर्तमान में जिले के करीब 11 हजार प्रवासी श्रमिक निबंधित हैं। अभियान के माध्यम से इस संख्या में बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा गया है।
झारखंड श्रमाधान पोर्टल पर व्यापक पंजीकरण अभियान शुरू किया गया है। पलामू जिले में 31 मार्च 2027 तक 2,43,601 श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य है। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक श्रमिकों को पंजीकृत कर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
-अमित कुमार चौधरी, श्रम अधीक्षक, पलामू
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।