विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेल के मैदान में चमक रहा पलामू, चार साल में जीते 149 पदक; खेलो इंडिया सेंटर से ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रशिक्षण

Published: Tue, 10 Nov 2026 05:30 PM (GMT+05:30)

पलामू ने खेल के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान मजबूत की है, जहाँ खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर ...और पढ़ें

2026 में अक्टूबर तक खिलाड़ियों ने हासिल किए 26 पदक

2026 में अक्टूबर तक खिलाड़ियों ने हासिल किए 26 पदक

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड गठन के बाद पलामू ने खेल के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान मजबूत की है। जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर नाम रोशन कर रहे हैं। खेल की आधारभूत संरचना के विस्तार, डे बोर्डिंग और खेलो इंडिया सेंटर की सुविधाओं से स्थानीय प्रतिभाओं को नया मंच मिल रहा है।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 से अक्टूबर 2026 तक पलामू के एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने कुल 149 पदक हासिल किए हैं। वर्ष 2023 में 46 पदक (19 स्वर्ण, 12 रजत, 15 कांस्य), 2024 में 31 पदक (14 स्वर्ण, 12 रजत, पांच कांस्य) और 2025 में 46 पदक (14 स्वर्ण, 14 रजत, 18 कांस्य) मिले। वहीं, वर्ष 2026 में अक्टूबर तक खिलाड़ी 26 पदक जीत चुके हैं। इनमें 14 स्वर्ण, पांच रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं।

स्टेडियम और प्रशिक्षण केंद्रों से मजबूत हुआ आधार

मेदिनीनगर के बारालोटा में वर्ष 2005 में जिला खेल स्टेडियम की आधारशिला रखी गई थी। वर्ष 2023 में इसे खेल विभाग को हैंडओवर किया गया। वर्तमान में यहां एथलेटिक्स का डे बोर्डिंग सेंटर और खेलो इंडिया सेंटर संचालित है।

वर्ष 2008 में कबड्डी का पहला डे बोर्डिंग सेंटर शुरू हुआ था। वर्ष 2022 में कबड्डी का खेलो इंडिया सेंटर खुला। इसके अलावा वर्ष 2024 में कबड्डी, वालीबाल और कुश्ती के नए डे बोर्डिंग सेंटर शुरू किए गए।

गांवों तक पहुंचा खेल प्रशिक्षण का अवसर

जिले में अलग-अलग खेलों के प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। कबड्डी बालक वर्ग का सेंटर जिला खेल स्टेडियम, मेदिनीनगर और बालिका वर्ग का बख्शी हाईस्कूल, हुसैनाबाद में है।

वालीबाल बालक वर्ग का सेंटर लेस्लीगंज हाईस्कूल मैदान तथा कुश्ती का बालक-बालिका सेंटर पिपरा हाईस्कूल मैदान में संचालित है। प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

बालिका कबड्डी में लगातार सात साल चैंपियन रहा पलामू

पलामू का कबड्डी में गौरवशाली इतिहास रहा है। वर्ष 2008 में शुरू हुआ कबड्डी डे बोर्डिंग सेंटर वर्ष 2015 में बंद हो गया था। इसके बावजूद वर्ष 2009 से 2015 तक पलामू की बालिका कबड्डी टीम लगातार सात वर्षों तक राज्य चैंपियन रही। यह जिले की खेल प्रतिभा और प्रशिक्षण की क्षमता का प्रमाण है।

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का लक्ष्य

जिला खेल पदाधिकारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि खेल की आधारभूत संरचना मजबूत करने के साथ खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। डे बोर्डिंग और खेलो इंडिया सेंटर से खिलाड़ियों को लाभ मिल रहा है।

वहीं, जिला खेल समन्वयक निधि उपाध्याय ने कहा कि प्रशिक्षण केंद्रों की संख्या बढ़ने से ग्रामीण प्रतिभाओं को भी आगे आने का मौका मिला है। लक्ष्य है कि पलामू के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।