कूप निर्माण की राशि के बदले घूस लेते रोजगार सेवक गिरफ्तार, ACB ने 7 हजार के साथ रंगे हाथ पकड़ा
पलामू में एसीबी ने एक पंचायत रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार राम को कूप निर्माण योजना में राशि आवंटन के लिए ...और पढ़ें

7 हजार के साथ रंगे हाथ पकड़ा
HighLights
एसीबी ने पलामू में रोजगार सेवक को रंगेहाथ पकड़ा।
कूप निर्माण योजना में 7,000 रुपये रिश्वत ली।
गिरफ्तार रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार राम से पूछताछ जारी।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की पलामू टीम ने शुक्रवार को रिश्वत लेते एक पंचायत रोजगार सेवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार रोजगार सेवक की पहचान जितेंद्र कुमार राम के रूप में हुई है। वह पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड में पदस्थापित थे।
जानकारी के अनुसार रोजगार सेवक ने कूप निर्माण योजना में राशि आवंटन करने के एवज में लाभार्थी से रिश्वत की मांग की थी। इसकी शिकायत लाभार्थी ने एसीबी से की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने धावा दल का गठन किया।
रोजगार सेवक का हाथ धुलवाया गया
शुक्रवार को तय योजना के अनुसार लाभार्थी ने जैसे ही रोजगार सेवक को सात हजार रुपये रिश्वत दी, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रोजगार सेवक का हाथ धुलवाया गया, जिसमें पानी का रंग बदल गया और रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
एसीबी की टीम आरोपी रोजगार सेवक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए मेदिनीनगर ले आई है। मामले में पूछताछ जारी है।
