पलामू में वन विभाग और पुलिस का एक्शन: 10 लाख की खैर लकड़ी के साथ राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार
पलामू पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई में 10 लाख रुपये की खैर की लकड़ी से लदा एक ट्रक ...और पढ़ें

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने रविवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया।
HighLights
पलामू पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की।
10 लाख रुपये मूल्य की खैर की लकड़ी जब्त हुई।
राजस्थान के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
जासं, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिला पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी की अवैध तस्करी का एक बड़ा मामला पकड़ा है।
पुलिस ने नेशनल हाईवे-39 (NH-39) पर जोरकट टोल प्लाजा के पास छापेमारी कर 10 लाख रुपये मूल्य की खैर की लकड़ी से लदा एक 14 चक्का ट्रक जब्त किया है। इस दौरान राजस्थान के एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने रविवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि सतबरवा के जंगलों से खैर की लकड़ियों की अवैध कटाई कर उन्हें डालटनगंज के रास्ते बाहर भेजा जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने जोरकट टोल प्लाजा के समीप एनएच-39 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रहे टाटा कंपनी के 14 चक्का ट्रक (संख्या- RJ-29-GA-6873) को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक का डाला खैर की लकड़ी के बोटों (लॉग्स) से पूरी तरह भरा हुआ था।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक और तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत झिवाणा गांव निवासी समीम (25 वर्ष), पिता महबूब के रूप में हुई है।
पुलिस ने लकड़ी लदे ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस सफल छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा, अनिल कुमार यादव, सहायक अवर निरीक्षक दीपक कुमार सहित शहर थाना के सशस्त्र बल और चालक शामिल थे। पुलिस अब इस अवैध तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।