विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गा पूजा को लेकर पलामू पुलिस अलर्ट, 15 स्थानों पर वाहनों को रोककर की गई जांच पड़ताल

Published: Mon, 19 Oct 2026 03:13 PM (IST)

पलामू पुलिस दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अलर्ट पर है। सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को जिले ...और पढ़ें

पलामू में वाहनों की जांच। फोटो जागरण

पलामू में वाहनों की जांच। फोटो जागरण

HighLights

  1. दुर्गा पूजा के लिए पलामू पुलिस पूरी तरह अलर्ट।

  2. जिले के 15 स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान।

  3. यातायात नियमों का पालन करने की आम जनता से अपील।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पलामू पुलिस अलर्ट है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को जिले के 15 अलग-अलग स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चला।

इस दौरान पुलिस की विभिन्न टीमों ने प्रमुख मार्गों पर वाहनों को रोककर उनके कागजात और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की।

वाहन जांच अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट और फैंसी नंबर प्लेट वाले वाहनों, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों तथा अनधिकृत रूप से मॉडिफाई किए गए वाहनों पर विशेष नजर रखी गई।

इसके अलावा वाहनों पर अनधिकृत नेम बोर्ड और अतिरिक्त लाइट के इस्तेमाल की भी जांच की गई। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वालों की जांच के साथ शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर भी निगरानी रखी गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों की भी जांच की।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी।

आवश्यकता के अनुसार वाहन जांच अभियान आगे भी चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और विधि-व्यवस्था बनाए रखना है।

पुलिस ने की आम लोगों से अपील

पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।

दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

साथ ही शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने और वाहनों में अनधिकृत बदलाव से बचने की अपील की गई है। पुलिस ने सुरक्षित यातायात, अपराध मुक्त समाज और सुदृढ़ विधि-व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों से सहयोग मांगा है।

यह भी पढ़ें- मां रूपी सोरेन की अस्थियां लेकर रजरप्पा पहुंचे Jharkhand CM Hemant Soren, दामोदर-भैरवी संगम में किया विसर्जन