Palamu News: पलामू का क्रशर संचालक गढ़वा से मुक्त, दो दिन पूर्व हुआ था अपहरण
Jharkhand News झारखंड के पलामू जिले के एक कारोबारी का अपराधियों ने अगवा कर लिया था। पुलिस मुक्त कराने के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इस बीच अपराधियों ने दो दिन बाद कारोबारी को गढ़वा में मुक्त कर दिया है।
पलामू, जागरण संवाददाता। पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र के मुसिखाप से अपहृत क्रशर संचालक अनिल गुप्ता को लगभग 36 घंटे बाद शनिवार देर रात अपहृताओं ने मुक्त कर दिया है। अपहृत्ताओं के चंगुल से मुक्त अनिल गुप्ता को रविवार तड़के गढ़वा जिले के किसी ठिकाने से सीमावर्ती रेहला थाना पुलिस उसे थाना ले आई। दो रात से नही सोए 38 वर्षीय अनिल गुप्ता के चेहरे पर परेशानहाल और भय की लकीरें मुक्त होने के बाद भी कायम थी। माना जा रहा है पलामू पुलिस के दबाव के कारण अपहरणकर्ताओं ने गुप्ता को छोड़ दिया।
रिहाई के लिए सक्रिय थे एसपी चंदन कुमार
अपहरण के बाद पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा बरामदगी के लिए सक्रिय थे। जिले के सदर, हुसैनाबाद, छ्तरपुर सहित विश्रामपुर पुलिस अनुमंडल के सभी थाने की पुलिस टीम के सक्रिय होने के साथ गढ़वा जिले के समीपवर्ती चार थाने की पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन से उत्पन्न पुलिसिया दवाब के आगे अपहर्ता चंगुल में आए क्रशर संचालक को मुक्त करने पर विवश हो गए।
फिरौती की बात अब तक सामने नहीं आई
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अपहर्ता गिरोह को चिन्हित करने में पुलिस को सफलता मिल गई है। शीघ्र पुलिस उद्भेदन कर गिरफ्त में लेने की कोशिश करेगी। विश्रामपुर पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ सुरजीत कुमार और हुसैनाबाद पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टास्क फोर्स टीम के 36 घंटे जारी अभियान के आगे अपहर्ता गिरोह के हौसले पस्त होने के फलस्वरूप अपहृत कारोबारी की सकुशल रिहाई संभव होने की बात मानी जा रही है। रविवार अपराह्न तक आधिकारिक रूप से जिला पुलिस कप्तान चंदन सिन्हा द्वारा इसकी जानकारी देने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इस मसले में किसी भी फिरौती की बात सामने अबतक नहीं आई है।
बरामदगी के बाद पुलिस लेकर पहुंची थाना
शुक्रवार दोपहर अनिल गुप्ता का पांडू थाना क्षेत्र से पालन हुआ था। बरामदगी के बाद रविवार को उन्हें पांडू थाना लाया गया। इसके बाद घर भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार गुप्ता अपने घर में कुछ देर तक रहेंगे। इसके बाद उन्हें पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर ले जाया जाएगा। एसपी चंदन सिन्हा पीसी कर पूरे मामले की जानकारी देंगे।