विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू: कुएं में बाइक से साथ मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका 

Published: Tue, 20 Oct 2026 02:40 PM (IST)

पलामू के नावा बाजार में एक युवक की मोटरसाइकिल समेत कुएं में गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने बेटे ...और पढ़ें

सांकेतिक फोटो

सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. पलामू में मोटरसाइकिल समेत कुएं में गिरा युवक, मौत।

  2. परिजनों ने बेटे की मौत पर जताई हत्या की आशंका।

  3. पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

संवाद सूत्र, नावा बाजार (पलामू)। पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र की बसना पंचायत के ब्रह्मोरिया गांव निवासी राजेंद्र भुइयां के 26 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार की मोटरसाइकिल समेत कुएं में गिरने से मौत हो गई।

घटना सोमवार की रात करीब 11 बजे छतरपुर प्रखंड के खोढ़ी पहाड़ के समीप हुई। मंगलवार की सुबह छतरपुर पुलिस ने कुएं से शव और मोटरसाइकिल को बाहर निकलवाया।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया गया। इधर, मृतक के पिता ने बेटे की मौत को संदेहास्पद बताते हुए उसके साथ मारपीट किए जाने की आशंका जताई है।

साढू के साथ ससुराल जा रहा था सोनू

मिली जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार सोमवार की रात अपने साढू गजू भुइयां, पिता चनरदेव भुइयां, निवासी पड़वा के साथ मोटरसाइकिल से अपने ससुराल जा रहा था।

उसका ससुराल छतरपुर प्रखंड की खोढ़ी पंचायत के अरर गांव में कन्हाई भुइयां के घर है। इसी दौरान खोढ़ी पहाड़ के समीप तीखे मोड़ पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरी।

हादसे की जानकारी मिलने पर स्वजन रात में ही मौके पर पहुंचे। हालांकि, देर रात होने के कारण शव को निकालने की कार्रवाई नहीं हो सकी। मंगलवार की सुबह छतरपुर पुलिस ने शव और मोटरसाइकिल को कुएं से बाहर निकलवाया।

पत्नी से विवाद के बाद मौत पर उठाए सवाल

मृतक के पिता राजेंद्र भुइयां ने बताया कि सोनू कुमार की पत्नी आपसी लड़ाई-झगड़े के बाद ब्रह्मोरिया स्थित ससुराल से अपने मायके अरर चली गई थी।

उन्होंने बेटे की मौत को संदेहास्पद बताते हुए उसके साथ मारपीट किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, मारपीट या हत्या की आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जनप्रतिनिधियों ने ली घटना की जानकारी

घटना की जानकारी मिलने पर नावा बाजार के जिला परिषद प्रतिनिधि राजबली महरा और पंचायत समिति सदस्य हरिशंकर दुबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। युवक की मौत से स्वजनों में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें- काम दिलाने के बहाने लड़कियों का सौदा, दिल्ली और राजस्थान से लापता 4 नाबालिगों का रेस्क्यू; आधार से मिला सुराग

यह भी पढ़ें- गिरिडीह: बेटे के साथ मंदिर पूजा करने जा रही महिला बाइक से गिरी, इलाज के दौरान मौत