पलामू में शादी की जिद पर दूसरे दिन भी मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, माला लेकर पहुंचा युवक
पलामू के मनातू थाना क्षेत्र में एक युवती शादी की जिद में लगातार दूसरे दिन बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई। ...और पढ़ें
HighLights
युवती रिंकू शादी की जिद में टावर पर चढ़ी।
लगातार दूसरे दिन पलामू में हुई यह घटना।
संवाद सूत्र, तरहसी (पलामू)। मनातू थाना क्षेत्र में शादी को लेकर विवाद के बीच एक युवती लगातार दूसरे दिन बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पदमा स्थित सूर्य मंदिर के पास हुई इस घटना से इलाके में हलचल मच गई। युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही।
इसी बीच युवक माला लेकर मौके पर पहुंचा और युवती को समझाने लगा। इसके बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई। युवती की पहचान पकरीयाडीह निवासी रिंकू कुमारी (18) के रूप में हुई है। वह स्व. राजेश यादव की पुत्री है। वहीं, युवक सुनील यादव पदमा देवडीहडीह गांव का निवासी है। वह सोहराई यादव का पुत्र है।
बताया जाता है कि युवती युवक से शादी करना चाहती है, जबकि युवक इसके लिए तैयार नहीं है। इसी विवाद के बीच युवती दोबारा टावर पर चढ़ गई।
स्वजनों को सौंपने के बाद भी नहीं बदला फैसला
जानकारी के अनुसार, युवती इससे पहले शनिवार को भी इसी बीएसएनएल मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा था।
इसके बाद उसे स्वजनों को सौंप दिया गया था। उम्मीद थी कि मामला शांत हो जाएगा, लेकिन अगले दिन युवती फिर उसी टावर पर चढ़ गई। लगातार दूसरे दिन हुई इस घटना से पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ गई। मौके पर जुटे लोग भी घटनाक्रम को लेकर चर्चा करते रहे।
माला लेकर पहुंचा युवक, समझाने पर नीचे उतरी युवती
युवती के टावर पर चढ़े रहने से अनहोनी की आशंका बनी हुई थी। पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने में जुटे थे। इसी बीच सुनील माला लेकर मौके पर पहुंचा और युवती को समझाने लगा। इसके बाद रिंकू टावर से नीचे उतर आई। उसके सुरक्षित नीचे उतरने पर पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
शादी को लेकर विवाद की बात आई सामने
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि युवती बालिग है और उसकी उम्र 18 वर्ष है। युवक शादी करने को तैयार नहीं है। इसी बात को लेकर युवती दोबारा मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।
