विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू कांग्रेस में 'दो फाड़', नए DC से अलग-अलग मिलने पहुंचे पार्टी के जिलाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष

Published: Fri, 24 Apr 2026 10:26 PM (GMT+05:30)

पलामू कांग्रेस में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है, जहाँ पार्टी के दो अलग-अलग गुटों ने नवपदस्थापित उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से एक ही दिन अलग-अलग मुलाकात की।

पलामू कांग्रेस में दो फाड़

पलामू कांग्रेस में दो फाड़

HighLights

  1. कांग्रेस के दो गुटों ने उपायुक्त से अलग-अलग मुलाकात की।

  2. जिलाध्यक्ष बिमला कुमारी और पूर्व जिलाध्यक्ष जैश रंजन ने नेतृत्व किया।

  3. यह घटना पलामू कांग्रेस में अंदरूनी कलह दर्शाती है।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिला कांग्रेस में चल रही अंदरूनी जंग अब पूरी तरह सार्वजनिक हो गई है। शुक्रवार को सत्तारूढ़ कांग्रेस की गुटबाजी उस वक्त खुलकर सामने आ गई, जब पार्टी के दो अलग-अलग धड़े नवपदस्थापित उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से अलग-अलग मिलने पहुंच गए। 

एक ही दिन, एक ही मुद्दे पर दो प्रतिनिधिमंडलों का अलग-अलग पहुंचना न सिर्फ संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि नेतृत्व की स्वीकार्यता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। एक गुट का नेतृत्व पार्टी द्वारा नियुक्त जिलाध्यक्ष बिमला कुमारी कर रही थी। 

उनके साथ प्रदेश सचिव रामाशीष पाण्डेय, विजय चौबे, सत्यानंद दुबे, सत्येंद्र सिंह, जितेंद्र कमलापुरी, अभिषेक तिवारी, सुनीता श्रीवास्तव, सलमा बानो, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव मो. गुलाम नबी और यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुधीर पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। 

दूसरे गुट का नेतृत्व पूर्व जिलाध्यक्ष जैश रंजन पाठक ने किया

वहीं, दूसरे गुट का नेतृत्व पूर्व जिलाध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक कर रहे थे। इस गुट में शमीम अहमद, रायन, ईश्वरी प्रसाद सिंह, सुधीर चौबे, शैलेश चंद्रवंशी, अजय साहू, सच्चिदानंद मिश्रा, सुधीर सिंह, अमिताभ शर्मा, नाफिज खान, सन्नू खान, तुलसी पासवान, सोनू सिंह, देवांग शुक्ला, कुर्सीद आलम, मनीष शर्मा, सौरव पाण्डेय, उमेश यादव, पीयूष गुप्ता और रमाशंकर यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल रहे।

राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को जिला कांग्रेस में ‘दो सत्ता केंद्र’ बनने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। खासकर जिलाध्यक्ष बिमला कुमारी के नेतृत्व को लेकर लंबे समय से चल रहा असंतोष अब खुली बगावत में बदलता नजर आ रहा है। 

संगठन के भीतर संवाद और समन्वय पूरी तरह कमजोर

एक ही दिन दो धड़ों का उपायुक्त के समक्ष अलग-अलग पहुंचना यह दर्शाता है कि संगठन के भीतर संवाद और समन्वय पूरी तरह कमजोर पड़ चुका है। जानकारों का मानना है कि इस तरह की स्थिति न केवल संगठनात्मक ढांचे को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी पार्टी की साख को गहरा आघात पहुंचाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।