पलामू में एक घर से मुक्त कराई गईं 4 आदिम जनजाति बच्चियां, रात 2 बजे तक बंधक बनाकर कराया जाता था काम
पलामू के मेदिनीनगर में बाल कल्याण समिति और पुलिस ने श्रीराम पथ स्थित एक घर से चार नाबालिग बच्चियों को ...और पढ़ें

बाल कल्याण समिति और शहर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई।
संवाद सूत्र, मेदिनीनगर (पलामू)। शहर थाना के श्रीराम पथ स्थित एक घर से बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम और शहर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर चार नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया है। चारों बच्चियां आदिम जनजाति परिवार से आती हैं।
उन्हें घर में काम कराने के नाम पर लंबे समय से प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। बच्चियों के अनुसार, उनसे सुबह साढ़े छह बजे से देर रात तक काम कराया जाता था। खाना मांगने पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता था।
मंगलवार को दो बच्चियों के किसी तरह घर से बाहर निकलकर मदद मांगने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। बताया जाता है कि पुष्पा कर्ण (पति दिलीप कुमार) के घर में चारों बच्चियां रहकर काम करती थीं। इनमें दो बच्चियां पिछले पांच वर्षों से और दो बच्चियां एक वर्ष से काम कर रही थीं।
आरोप है कि पांच वर्षों से काम कर रही बच्चियों से सुबह 6:30 बजे से रात 11 बजे तक, जबकि एक वर्ष से काम कर रही बच्चियों से सुबह 6:30 बजे से रात दो बजे तक काम कराया जाता था। काम के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। भोजन मांगने पर मारपीट भी की जाती थी।
दो बच्चियों की हिम्मत से खुला मामला
मंगलवार सुबह एक वर्ष से काम कर रही दोनों बच्चियां किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रहीं। उन्होंने पास के एक घर में शरण लेकर वहां मौजूद व्यक्ति को अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद उस व्यक्ति ने मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति को दी।
सूचना मिलते ही सीडब्ल्यूसी की टीम ने शहर थाना पुलिस के सहयोग से संबंधित घर में कार्रवाई की और चारों बच्चियों को मुक्त कराया। बच्चियों का बयान दर्ज करने के बाद उन्हें सखी वन स्टाप सेंटर भेज दिया गया है।
पूरे मामले की जांच प्रिंसिपल प्रोबेशनरी अधिकारियों को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन शैलेंद्रनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि चारों बच्चियों के स्वजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
बच्चियों के सुरक्षित पुनर्वास की व्यवस्था करने के साथ उन्हें स्कूल में नामांकित कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि वह फिर से शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।