ऑपरेशन प्रहार: पलामू में 70 लाख की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, डिजायर कार और 4 मोबाइल जब्त
पलामू पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत एनएच-39 पर 495 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

पुलिस ने एनएच-39 पर दुबियाखाड़ टोल प्लाजा के पास छापेमारी कर 495 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
HighLights
पलामू पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई की।
495 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को दबोचा गया।
जब्त ब्राउन शुगर की कीमत 60-70 लाख रुपये आंकी गई।
जासं, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने एनएच-39 पर दुबियाखाड़ टोल प्लाजा के पास छापेमारी कर 495 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत 60 से 70 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद मारुति डिजायरकार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने रविवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी।
इसमें जानकारी दी गई थी कि बिहार के डेहरी ऑन सोन से एक तस्कर सफेद रंग की डिजायर कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर मेदिनीनगर के रास्ते लातेहार की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने दुबियाखाड़ टोल प्लाजा के समीप एनएच-39 पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान संदेह के आधार पर रोकी गई मारुति डिजायर कार (संख्या- JH-01-GT-5317) की तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखी गई 495 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पीछे चंदवा निवासी रवि रजक (28 वर्ष) के रूप में हुई है।
इस संबंध में सदर थाना में 15 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस सफल छापेमारी दल में लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार, सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, सहायक अवर निरीक्षक नबी अंसारी, तरेसा मिंज सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।