आपदा से निपटेगा नगर निगम, पार्षदों को मिला 10-10 हजार
मेदिनीनगर कोरोना संक्रमण को लेकर संपूर्ण लॉकडाउन है। ऐसी स्थिति में किसी भी परिवार को खाद्य सामग्री की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम प्रबंधन प्रयासरत है। उक्त बातें नगर निगम के नगर आयुक्त दिनेश प्रसाद ने कही। उन्होंने बताया कि खाद्यान्न वितरण के लिए नगर निगम क्षेत्र के तमाम 35 वार्ड पार्षदों को 10-10 हजार रूपया उपलब्ध करा दिया गया है।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर : कोरोना संक्रमण को लेकर संपूर्ण लॉकडाउन है। ऐसी स्थिति में किसी भी परिवार को खाद्य सामग्री की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम प्रबंधन प्रयासरत है। उक्त बातें नगर निगम के नगर आयुक्त दिनेश प्रसाद ने कही। उन्होंने बताया कि खाद्यान्न वितरण के लिए नगर निगम क्षेत्र के तमाम 35 वार्ड पार्षदों को 10-10 हजार रुपये उपलब्ध करा दिया गया है। कहा कि झारखंड राज्य आकस्मिक खाद्यान्न कोष के अंतर्गत प्राप्त आवंटित राशि 3.50 लाख को प्रति वार्ड पार्षद के खाते में 10-10 हजार रुपए आरटीजीएस के माध्यम से दिया जा चुका है। कोरोना संक्रमण के महामारी के कारण देश में लॉकडाउन के आकस्मिक परिस्थिति में निर्धन असहाय परिवार या राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के अंतर्गत जनवितरण प्रणाली के माध्यम से खाद्यान्न हासिल नहीं कर पा रहे परिवार को 10 किलोग्राम चावल स्थानीय बाजार समिति की अधिसूचित दर या उससे कम दर पर खुले बाजार से क्रय कर निशुल्क उपलब्ध कराया जाना चाहिए। सभी वार्ड पार्षदों को खाद्यान्न वितरण के बाद उपयोगिता प्रमाण पत्र विपत्र के साथ कार्यालय में उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया गया है। नगर आयुक्त दिनेश प्रसाद ने बताया कि वार्ड पार्षदों को एक-एक बैग ब्लीचिग पाउडर उपलब्ध कराया गया है। ज्यादा जरूरत पड़ने पर पार्षद नगर निगम के प्रधान सहायक से संपर्क स्थापित कर हासिल भी कर लें। उन्होंने बताया कि शहर के मुख्य मार्गों के अलावा गली-मोहल्लों में हैंड स्प्रे मशीन, फायर ब्रिगेड का वाहन और पानी टैंकर से सोडियम हाइपोक्लोराइड का छिड़काव किया जा रहा है। छूटे हुए क्षेत्र में छिड़काव के लिए संबंधित वार्ड पार्षद प्रभारी पदाधिकारी आनंद कुमार दांगी से संपर्क स्थापित कर छिड़काव कराएं। उन्होंने बताया कि फिलहाल तकनीकी खराबी के कारण शहर में फोगिग मशीन का इस्तेमाल नहीं हो रहा है। हालांकि रांची के टेक्नीशियन से संपर्क किया गया है। अविलंब उसे दुरूस्त कराते हुए जनहित में इसका इस्तेमाल कराएंगे। उन्होंने तमाम शहरवासियों से लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों में रहने की अपील की है।