पलामू में कुत्ते के मुंह में दिखा नवजात का शव, वीडियो वायरल होने के बाद उत्तम अस्पताल व अल्ट्रासाउंड सेंटर सील
पलामू के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में कुत्ते द्वारा नवजात का शव मुंह में दबाकर घूमने का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच की।

उत्तम अस्पताल व अल्ट्रासाउंड सेंटर सील (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
कुत्ते ने नवजात का शव मुंह में दबाकर घुमाया।
उत्तम हॉस्पिटल में प्रसव के बाद शव फेंका गया।
उत्तम हॉस्पिटल और निपुण अल्ट्रासाउंड सील।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) परिसर में नवजात का शव मुंह में दबाकर घूमते कुत्ते का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले का खुलासा किया है।
जांच में पता चला कि एमएमसीएच के समीप स्थित उत्तम हास्पिटल में प्रसव हुआ था। इसके बाद नवजात का शव अस्पताल परिसर के पोस्टमार्टम हाउस की ओर फेंक दिया गया।
उत्तम हॉस्पिटल और निपुण अल्ट्रासाउंड को सील किया
मामले में इलाज से जुड़े साक्ष्य मिटाने के कथित प्रयास की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उत्तम हॉस्पिटल और निपुण अल्ट्रासाउंड को सील कर दिया है।
पूरी जांच का नेतृत्व सदर एसडीओ संजय पांडेय कर रहे थे। उनके साथ प्रशिक्षु आइएएस सह सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता भी शामिल थे। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने मामले की जांच तेज की।
नवजात का शव मुंह में दबाकर घूमता रहा कुत्ता
घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की है। एमएमसीएच परिसर में एक आवारा कुत्ता नवजात का शव मुंह में दबाकर घूमता दिखाई दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान उत्तम हॉस्पिटल से दो महिलाओं के नवजात का शव लेकर निकलने और उसे पोस्टमार्टम हाउस की ओर फेंकने की बात सामने आई।
पोस्टमार्टम हाउस के आसपास और झाड़ियों में तलाशी
प्रशासनिक टीम ने अस्पताल परिसर, पोस्टमार्टम हाउस के आसपास और झाड़ियों में भी तलाशी ली। मामले में प्रसव, नवजात की मौत की परिस्थितियों, शव को अस्पताल परिसर में फेंकने और इलाज से जुड़े साक्ष्य मिटाने के कथित प्रयास की पड़ताल की जा रही है।
घटना ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और नवजात के शव के निस्तारण की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन के अनुसार, जांच में जिम्मेदार पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पलामू में दिल दहला देने वाली घटना, नवजात का शव मुंह में दबाकर अस्पताल पहुंचा कुत्ता; मचा हड़कंप
