माओवादी कमांडर संजय यादव जेल गया, पलामू पुलिस को मिले हथियारों के सुराग; नितेश यादव और मनोहर गंझू की तलाश तेज
माओवादी कमांडर संजय यादव को मुंबई से गिरफ्तारी के बाद पलामू में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। ...और पढ़ें

महूदंड जंगल से एसएलआर और 200 से अधिक गोलियां बरामद, सीमावर्ती इलाकों में सर्च अभियान तेज।
HighLights
माओवादी कमांडर संजय यादव मुंबई से गिरफ्तार, पलामू में जेल भेजा।
महूदंड जंगल से एसएलआर राइफल और 200 गोलियां बरामद।
पुलिस माओवादी नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों की जांच करेगी।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड-बिहार के कुख्यात माओवादी कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम को पलामू पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मुंबई से गिरफ्तार कर चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाए गए संजय को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजा गया।
हालांकि, माओवादी संगठन के नेटवर्क, हथियारों और ठिकानों से जुड़े राज उगलवाने के लिए पुलिस ने कोर्ट से उसकी रिमांड मांगी है। इस बीच उसकी निशानदेही पर पलामू के महूदंड जंगल से एक एसएलआर राइफल और 200 से अधिक गोलियां बरामद की गई हैं।
संजय से पूछताछ में मिली अहम जानकारियों के आधार पर अब पुलिस के निशाने पर 15 लाख के इनामी नितेश यादव और 10 लाख के इनामी मनोहर गंझू हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है।
63 से अधिक बड़े नक्सली हमलों में संलिप्तता का आरोप
संजय गोदराम झारखंड-बिहार में माओवादी संगठन का बड़ा चेहरा रहा है। वह संगठन में जोनल कमांडर के पद पर सक्रिय था। झारखंड सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये, जबकि बिहार सरकार ने तीन लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। दोनों राज्यों में 63 से अधिक बड़े नक्सली हमलों को अंजाम देने का उस पर आरोप है।
पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का रहने वाला संजय वर्ष 2011 से नक्सली संगठन में सक्रिय था। वर्ष 2014-15 में पहली बार उस पर इनाम घोषित किया गया था। वर्ष 2018 में झारखंड सरकार ने इनाम की राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी थी।
महूदंड जंगल से हथियारों का जखीरा बरामद
संजय गोदराम की निशानदेही पर पलामू समेत झारखंड-बिहार के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस सर्च अभियान चला रही है। इसी अभियान के दौरान महूदंड जंगल से एक एसएलआर और 200 से अधिक गोलियां बरामद की गई हैं।
संजय माओवादी दस्ते में एसएलआर लेकर चलता था। संगठन के हथियारों और गोला-बारूद के ठिकानों की भी उसे महत्वपूर्ण जानकारी थी। पुलिस अब उसकी निशानदेही पर अन्य संभावित ठिकानों की तलाश कर रही है।
नितेश यादव से विवाद के बाद छोड़ दिया था माओवादी दस्ता
संजय यादव उर्फ संजय गोदराम मई 2025 में पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद माओवादी दस्ता छोड़कर फरार हो गया था। इस मुठभेड़ में माओवादी एरिया कमांडर तुलसी भुइयां मारा गया था।बताया जाता है कि गोतिया के साथ जमीन विवाद के बाद संजय माओवादी संगठन में शामिल हुआ था। बाद में दस्ते के शीर्ष कमांडर नितेश यादव के साथ उसका विवाद हो गया।
एक दिन जंगल में जब पूरा दस्ता सो रहा था, उसी दौरान वह मौका पाकर फरार हो गया और मुंबई चला गया। वहां उसने पहले धागा फैक्ट्री में काम किया। नौकरी छूटने के बाद एक व्यक्ति के घर पर रहकर पशुओं का दूध निकालने का काम करने लगा। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब नितेश और मनोहर की तलाश तेज करेगी पुलिस
संजय गोदराम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का अगला लक्ष्य माओवादी कमांडर नितेश यादव और मनोहर गंझू हैं। नितेश पर 15 लाख रुपये और मनोहर पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है। नितेश पर झारखंड-बिहार में 70 से अधिक बड़े नक्सली हमलों को अंजाम देने का आरोप है।
उसे फिलहाल दोनों राज्यों में सक्रिय माओवादियों का सबसे बड़ा चेहरा माना जा रहा है। संजय से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस इन दोनों कमांडरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।