खासमहल की जमीन को कराना है फ्रीहोल्ड : त्रिपाठी
मेदिनीनगर राज्य के पूर्व मंत्री कांग्रेसी नेता कें एन त्रिपाठी कल रविवार सितंबर से नगर निगम के नए वार्ड क्षेत्रों की पदयात्रा करेंगे।
संवाद सूत्र, मेदिनीनगर : राज्य के पूर्व मंत्री कांग्रेसी नेता केएन त्रिपाठी ने कहा कि रविवार 15 सितंबर से नगर निगम के नए वार्ड क्षेत्रों की पदयात्रा शुरू करेंगे। कार्यक्रम स्थानीय रेड़मा चौक से सुबह 6 बजे से प्रारंभ होगा। यह 15 अक्टूबर तक चलेगा। वे 10 हजार घरों में जाएंगे और होल्डिग टैक्स फ्री करने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। त्रिपाठी शनिवार को वार्ड पार्षद मनोज कुमार सिंह के आवास पर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। कहा कि एक वर्ष पूर्व से खासमहाल की जमीन को फ्री होल्ड करने व नगर निगम क्षेत्र में पंचायत से काटकर नए वार्ड को फ्री होल्ड करने की मांग कर रहे हैं। सरकार को 15 अगस्त तक का अल्टीमेटम देने के बावजूद इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। रांची में एक दिनी विधानसभा में केबिनेट की बैठक हुई। इसमें झारखंड के खासमहल जमीन को फ्री होल्ड किया जा सकता था। सरकार ने ऐसा नहीं किया। कहा कि मेदिनीनगर नगर निगम में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्र सुविधा विहीन हैं। इन लोगों से टैक्स वसूली का दबाव बनाया जा रहा है । कहा कि संबंधित लोग नगर निगम को फॉर्म भरकर जमा नहीं करें। टैक्स का भुगतान नहीं करें । कहा कि नए क्षेत्रों को 10 साल तक होल्डिग टैक्स से छूट दी जाए।