बिहार से अपहृत ठेकेदार की हत्या,पलामू से शव बरामद
जागरण न्यूज नेटवर्क मेदिनीनगर/ छतरपुर (पलामू) छतरपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानी घाटी स्थित
जागरण न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर/ छतरपुर (पलामू) : छतरपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानी घाटी स्थित दो मुहानी पुल के निकट बुधवार के तड़के एक कार से पुलिस ने एक ठेकेदार राहुल कुमार सिंह का शव बरामद किया। युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय राहुल कुमार सिंह का मंगलवार की शाम बिहार के औरंगाबाद जिला के अंबा थाना क्षेत्र से अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद कार में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक राहुल बिहार के औरंगाबाद जिला के नबीनगर थाना के रामनगर गांव निवासी दिनेश सिंह का पुत्र था। वे नबीनगर नगर पंचायत क्षेत्र के निबंधित ठेकेदार थे। जानकारी के अनुसार छतरपुर थाना पुलिस रात्रि गश्त पर निकली थी। तभी सुल्तानी घाटी स्थित एनएच 98 के दो मुहानी पुल के निकट सड़क पर एक कार नजर आई। पुलिस वहां पहुंची तो पाया कि कार की अगली सीट पर एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस युवक के शव को लेकर जांच पड़ताल शुरू की। इधर इस मामले में मृतक के छोटे भाई चंदन सिंह ने 7 लोगों के खिलाफ छतरपुर थाना में मामला दर्ज कराया है। इसमें बिहार के औरंगाबाद जिला के नबीनगर थाना क्षेत्र के गर्दी गांव निवासी लवकुश सिंह, रौशन कुमार सिंह, जयनगरा गांव निवासी देवा सिंह, दिबर पिपरा गांव निवासी गौरव कुमार, जमोहर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी सीके कुमार, विकास सिंह व राजा सिंह को नामजद आरोपित बनाया है। इधर छतरपुर थाना पुलिस ने बुधवार को पलामू मेडिकल कालेज अस्पताल में शव का अंत्यपरीक्षण कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इससे पहले शव का एक्सरे भी कराया गया। मृतक के चाचा राकेश सिंह, शंभू सिंह व संजय यादव ने बताया कि औरंगाबाद न्यायालय से आपसी विवाद से जुड़ा एक मामला निपटाकर राहुल घर जा रहा था। आरोपितों ने अपहरणकर उनकी हत्या कर दी है। बाक्स: युवक राहुल बिहार के औरंगाबाद के जिला व्यवहार न्यायलय से आपसी विवाद का निपटारा कराकर मंगलवार को घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपितों ने उसका अपहरण कर लिया। मंगलवार की शाम परिजनों ने औरंगाबाद जिला के नबीनगर थाना में राहुल के अपहरण किए जाने संबंधी प्राथमिकी दर्ज कराई। इसी बीच औरंगाबाद जिला के अंबा थाना क्षेत्र के एनएच 98 मेदिनीनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ के पास अपहरणकर्ताओं ने कार में ही गोली मारकर राहुल की हत्या कर दी। इसके बाद शव समेत कार को झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानी घाटी के दो मुहानी पुल के पास छोड़ दिया।
उपेंद्र नारायण,छतरपुर थाना प्रभारी,छतरपुर,पलामू।