विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MMCH पलामू सहित झारखंड के पांच मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर के 56 पदों पर भर्ती, मिलेगा 2.50 लाख महीना वेतन

By SACHIDANANDEdited By: Mansi Kumari
Published: Sat, 25 Jul 2026 11:37 AM (IST)

झारखंड सरकार ने राज्य के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 56 प्राध्यापकों की संविदा पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी ...और पढ़ें

झारखंड के पांच मेडिकल कॉलेजों में 56 प्राध्यापकों की नियुक्ति। जागरण

झारखंड के पांच मेडिकल कॉलेजों में 56 प्राध्यापकों की नियुक्ति। जागरण

HighLights

  1. झारखंड के पांच मेडिकल कॉलेजों में 56 प्राध्यापकों की नियुक्ति।

  2. 3 अगस्त को रिम्स रांची में वॉक-इन-इंटरव्यू।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने राज्य के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्राध्यापक (प्रोफेसर) के 56 रिक्त पदों पर संविदा आधारित नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है।

इनमें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच), पलामू भी शामिल है। इन पदों पर नियुक्ति वाक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से की जाएगी, जो तीन अगस्त को पूर्वाह्न 10:30 बजे से रिम्स, रांची के प्रशासनिक भवन में आयोजित होगा।

यह नियुक्तियां एमएमसीएच, पलामू, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (धनबाद), एमजीएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जमशेदपुर), फुलो-झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (दुमका) तथा शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (हजारीबाग) के विभिन्न विभागों के लिए की जाएंगी।

बताते चलें कि, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भी फैकल्टी की भारी कमी बनी हुई है। यहां प्राध्यापक के स्वीकृत 17 पदों के विरुद्ध मात्र छह कार्यरत हैं। वहीं, सह-प्राध्यापक के 27 पदों के विरुद्ध 22 तथा सहायक प्राध्यापक के 41 पदों के विरुद्ध केवल 11 शिक्षक कार्यरत हैं। ऐसे में इस नियुक्ति प्रक्रिया से मेडिकल कॉलेज में शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद बढ़ी है।

2.50 लाख रुपये मिलेगा मासिक मानदेय

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन पत्र के साथ अपने सभी मूल प्रमाण पत्र एवं उनकी स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ साक्षात्कार में शामिल होना होगा। प्राध्यापक पद के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव अनिवार्य होगा।

संविदा आधारित नियुक्ति अधिकतम दो वर्ष अथवा नियमित नियुक्ति या प्रोन्नति होने तक (जो पहले हो) प्रभावी रहेगी। संतोषजनक कार्य प्रदर्शन के आधार पर एक-एक वर्ष के लिए सेवा विस्तार भी दिया जा सकेगा। संविदा शिक्षकों की अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष निर्धारित की गई है।

चयनित प्राध्यापकों को प्रति माह 2.50 लाख रुपये का मानदेय दिया जाएगा। हालांकि, उन्हें किसी प्रकार का अतिरिक्त भत्ता या अन्य सुविधा नहीं मिलेगी। संविदा पर नियुक्त प्राध्यापकों का स्थानांतरण किसी अन्य मेडिकल कॉलेज में नहीं किया जाएगा और वे भविष्य में नियमित नियुक्ति का दावा भी नहीं कर सकेंगे। उन्हें केवल आकस्मिक अवकाश की सुविधा प्रदान की जाएगी।

इन विभागों में होगी नियुक्ति

प्राध्यापक के कुल 56 पदों में एनाटॉमी के पांच, फिजियोलॉजी के तीन, बायोकेमेस्ट्री के दो, पैथोलॉजी के चार, माइक्रोबायोलॉजी के तीन, फॉरेंसिक मेडिसिन के चार, फार्माकोलॉजी के दो, पीएसएम (कम्युनिटी मेडिसिन) के दो, शिशु रोग के पांच, सर्जरी के तीन, अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक्स) के तीन, ईएनटी के पांच, नेत्र रोग के चार, स्त्री एवं प्रसूति रोग के एक, एनेस्थीसिया के दो, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन (ब्लड बैंक) के तीन तथा दंत चिकित्सा के दो पद शामिल हैं।