विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महिला पुरोहित ने कराई रस्में, बिना दहेज हुआ अंतर्जातीय विवाह; झारखंड के राहुल-पुष्पा ने तोड़े सामाजिक बंधन

Published: Wed, 07 Oct 2026 12:48 PM (IST)

मेदिनीनगर के आनंद मार्ग जागृति में एक अनोखा अंतर्जातीय विवाह संपन्न हुआ, जिसमें महिला पुरोहित ने बिना तिलक-दहेज और जात-पात के भेदभाव के रस्में पूरी कराईं।

शादी के बाद फोटोशूट। फोटो जागरण

शादी के बाद फोटोशूट। फोटो जागरण

HighLights

  1. मेदिनीनगर में महिला पुरोहित ने अंतर्जातीय विवाह की रस्में पूरी कीं।

  2. यह विवाह बिना तिलक-दहेज और जात-पात के भेदभाव के संपन्न हुआ।

  3. आनंदमार्ग पद्धति से हुआ यह विवाह सामाजिक बदलाव की एक पहल है।

संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। स्थानीय नई मोहल्ला स्थित आनंद मार्ग जागृति में सोमवार की रात एक अनोखा विवाह चर्चा का विषय बना रहा। यहां आनंदमार्ग पद्धति से अंतर्जातीय विवाह संपन्न हुआ।

विवाह में महिला पुरोहित ने मंत्रोच्चारण कर रस्में पूरी कराकर मौके को खास बना दिया। बिना तिलक-दहेज व जात-पात के भेदभाव के हुए इस विवाह को सामाजिक बदलाव की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

बारालोटा बाईपास रोड निवासी हीरालाल देव और उर्मिला देवी के पुत्र राहुल कुमार देव का विवाह बिहार के खगड़िया जिले के बन्नी निवासी अरविंद कुमार देव और नूतन देवी की पुत्री पुष्पा कुमारी के साथ हुआ।

विवाह की रस्में वर पक्ष की ओर से आचार्य कृष्णकमलानन्द अवधूत व वधू पक्ष की ओर से अवधूतिका आनंद कृतिमाया आचार्या ने संपन्न कराईं।

महिलाओं को सभी कर्मकांडों का अधिकार

मौके पर अवधूतिका आनंद कृतिमाया आचार्या ने कहा कि आनंदमार्ग में जाति, संप्रदाय व तिलक-दहेज से मुक्त क्रांतिकारी विवाह को बढ़ावा दिया जाता है।

महिलाओं को विवाह ही नहीं, बल्कि दाह संस्कार व श्राद्ध जैसे कर्मकांड कराने का भी समान अधिकार मिलना चाहिए। महिला और पुरुष दोनों को मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक विकास के समान अवसर मिलने चाहिए।

आनंदमार्गी बैद्यनाथ ने कहा कि सभी दिन व समय परमात्मा की बनाई व्यवस्था है, इसलिए विवाह के लिए किसी खास दिन को ही शुभ मानने की सोच से बाहर निकलना होगा।

उन्होंने नारी व पुरुष को समान अधिकार देने पर जोर दिया। समारोह में भुक्ति प्रधान मधेश्वर साह, अधिवक्ता लक्ष्मण सिंह, विश्वनाथ सिंह, मणिकांत, गोपाल, अरविंद, रामस्वरूप, सरोज, प्रदीप, दीपक, नंदलाल, चंदन, पन्नालाल, पूनम, रेनू समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- गोविंदपुर के केके बीएड कॉलेज में प्राचार्य आफिस में कंप्यूटर ऑपरेटर ने की आत्महत्या, प्रबंधन ने मानी मांगें