जंगली हाथी ने पटकर फिर ली एक वृद्धा की जान
नावाबाजार नावाबाजार थाना क्षेत्र के आरापुर गांव में बीती रात जंगली हाथी ने स्व. मालदेव भुइयां की पत्नी 70 वर्षीया महेश्वरी कुंअर को पटक-पटक कर मार डाला। मालूम हो कि गुरूवार को विश्रामपुर थाना क्षेत्र के गुरी गांव में एक व्यक्ति को उक्त हाथी ने मार डाला था।
संवाद सूत्र, नावाबाजार : पलामू जिला के नावाबाजार थाना क्षेत्र के आरापुर गांव में शुक्रवार की रात जंगली हाथी ने स्व. मालदेव भुइयां की 70 वर्षीया पत्नी महेश्वरी कुंअर को पटक-पटक कर मार डाला। मालूम हो कि गुरुवार को विश्रामपुर थाना क्षेत्र के गुरी गांव में एक व्यक्ति को इसी हाथी ने पटकर मार डाला था। हाथी लगातार लोगों को मारने लगा है। इस घटना से नावाबाजार व विश्रामपुर प्रखंड क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना के समय वन विभाग के पदाधिकारी भी साथ में थे। बावजूद हाथी पर काबू नहीं पाया जा रहा है। इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार की सुबह दुर्गा माइंस के पास विश्रामपुर -इटको मार्ग को जाम कर दिया। जाम में दर्जनों वाहन फंसे रहे। घटना के की खबर मिलते ही पलामू वन विभाग के डीएफओ राहुल कुमार व रेंजर अरुण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। साथ ही आश्रित परिवार को दाह संस्कार के लिए तत्काल एक लाख नकद दिया। रेंजर अरुण कुमार ने बताया कि जंगली हाथी किसी को मारता है तो मृतक के आश्रित को मुआवजा चार लाख रुपया मिलेगा। पहले इसमें ढाई लाख मुआवजा देने का प्रावधान था। बताया कि मुआवजा से संबंधित चिठ्ठी अभी प्राप्त नहीं हुआ है। कहा कि आश्रित परिवार रिपोर्ट सौंपे। इसके एक सप्ताह के अंदर शेष राशि दे दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद सड़क जाम हटा हटा। इधर घटना की सूचना मिलते ही नावाबाजार थाना के एएसआइ प्रदुम्न पासवान, भाजपा नेता ईश्वर सागर चंद्रवंशी, कांग्रेस नेता संतोष चौबे, जिप सदस्य अनुज कुमार, प्रखंड प्रमुख रविद्र पासवान, पंकज तिवारी, मुखिया संजय सिंह, पंसस बलराम सिंह, आरिज आलम, संजय चौधरी, मीना देवी, कन्हाई सिंह, दीपक गुप्ता, रक्षया यादव, महेंद्र यादव, मिथिलेश विश्वकर्मा, उदय यादव, विनोद विश्वकर्मा, नरेश सिंह, राजकिशोर सिंह, वीरू दुबे आदि घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के परिजन को सांत्वना दी।
----------------------
हाथी पकड़ने का प्रयास जारी
नावाबाजार : नावाबाजार के आरापुर गांव पहुंचे वन विभाग के डीएफओ डीएफओ राहुल कुमार ने बताया कि हाथी पर काबू पाने के लिए वन विभाग का फोर्स मुहिम चला रखा है। इसके लिए रांची से एक्स्पर्ट को बुलाया गया है। किसी भी हाल में हाथी पर काबू पाने का उपाय निकाला जा रहा है।