विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

झारखंड में शुरू हुई हाथियों की गणना, गोबर के नमूने से ली जाएगी मदद, DNA जांच से तय की जाएगी इनकी संख्‍या

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
Published: Sat, 13 May 2023 04:28 PM (IST)

2017 में भारत में आयोजित अंतिम हाथी जनगणना के बाद अब फिर से कैमरा ट्रैप व गोबर से हाथियों की ...और पढ़ें

पलामू टाइगर रिजर्व में शुरू हुई हाथियों की गणना।
पलामू टाइगर रिजर्व में शुरू हुई हाथियों की गणना।

मृत्युंजय पाठक, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू टाइगर रिवर्ज (पीटीआर) में हाथियों की गणना का कार्य शुरू हो गया है। वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूआइआइ) देहरादून और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की टीम के सहयोग से पीटीआर के अधिकारी और ट्रैकर पूरे मई महीने में हाथियों की गणना करेंगे।

पहली बार हो रही है हाथियों की DNA आधारित गणना

कैमरा ट्रैप व गोबर से हाथियों की गणना की जा रही है। बाघों की गणना की तर्ज पर पहली बार हाथियों की डीएनए आधारित गणना हो रही है। एक-एक हाथी की डीएनए प्रोफाइलिंग होगी। पीटीआर के साथ ही झारखंड के दलमा अभयारण्य में भी हाथियों की गणना हो रही है।

गोबर और कैमरा ट्रैप से हो रही हाथियों की गणना

देश में पहले हाथी और बाघ की गणना अलग-अलग होती थी। बाघ गणना-2022 के साथ ही हाथियों की गणना की घोषणा हुई थी। बाघ की गणना हो चुकी है। 9 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिपोर्ट जारी की थी। अब हाथियों की गणना हो रही है। 2023 के फरवरी महीने में 15 से 24 तक पीटीआर में हाथियों की गणना के लिए बेसलाइन सर्वे हुआ था। अब गोबर और कैमरा ट्रैप के आधार पर गणना शुरू हुई है।

गणना के लिए वन कर्मियों को दी गई खास ट्रेनिंग

इसके लिए एनटीसीए के सदस्य शैलेश प्रसाद के नेतृत्व एक टीम वन कर्मियों को ट्रेनिंग दी है। शैलेश प्रसाद उत्तर प्रदेश के रिटायर पीसीसीएफ हैं। गणना में 100 से अधिक वन कर्मी और ट्रैकर लगाए गए हैं। एनटीजीए की ओर से वन कर्मियों को खास तरह की ट्रेनिंग दी गई है। वे हाथियों को देख कर उसकी प्रजाति और उम्र का अंदाजा लगाएंगे।

2017 में हुई थी हाथियों की अंतिम जनगणना

झारखंड में सबसे ज्यादा हाथी पीटीआर में ही पाए जाते हैं। साल 2017 की गणना के अनुसार झारखंड में 679 हाथी थे। इनमें अकेले पीटीआर (बेतला नेशनल पार्क) में 186 हाथी थे। अब एक बार फिर से हाथियों की गणना कराई जा रही है। पीटीआर प्रबंधन को उम्मीद है कि इस बार हाथियों की संख्या बढ़ जाएगी। यह संख्या दो सौ को पार जाएगी। 2017 में भारत में आयोजित अंतिम हाथी जनगणना में हाथियों की संख्या 29,964 दर्ज की गई थी।

गणना के लिए लिए जा रहे हाथियों के गोबर के नमूने

प्रोजेक्ट एलीफेंट के 30 वर्ष पूरे होने पर इस बार वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने हाथियों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हाथियों के डीएनए (डीऑक्सीराइबोन्यूक्लिक एसिड) प्रोफाइलिंग की घोषणा की है। इसी आधार पर गणना हो रही है। हाथियों के गोबर के नमूने लिए जा रहे हैं। गोबर की डीएनए जांच के आधार पर हाथियों की संख्या तय की जाएगी।

गणना से हाथियों के बारे में मिलेगी अहम जानकारी

पलामू टाइगर रिजर्व के उप निदेशक प्रजेश जेना कहते हैं, पलामू टाइगर रिजर्व में हाथियों के गणना का कार्य शुरू हो गया है। पूरे मई महीने में हाथियों की गणना होगी। पहली बार डीएनए आधारित गणना हो रही है। इससे हाथियों के व्यवहार को जानने और उनके संरक्षण में मदद मिलेगी। पीटीआर में हाथियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।