पलामू में नशे में धुत दामाद कर रहा था नतिनी से मारपीट, 81 साल के ससुर ने टांगी से काट डाला
पलामू के छतरपुर में गांधी भुइयां की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। शराब के नशे में बेटी से ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी ससुर
HighLights
छतरपुर में गांधी भुइयां की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा।
81 वर्षीय ससुर जगदेव भुइयां ने दामाद को टांगी से मार डाला।
दामाद शराब के नशे में बेटी से मारपीट कर रहा था।
संवाद सूत्र, छतरपुर (पलामू)। छतरपुर थाना क्षेत्र के बभंण्डी गांव में 20 सितंबर को हुई गांधी भुइयां (40) की हत्या का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके 81 वर्षीय ससुर जगदेव भुइयां को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गांधी शराब के नशे में अपनी बेटी के साथ मारपीट और बदसलूकी कर रहा था। यह देखकर जगदेव आक्रोशित हो गया और टांगी से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना में प्रयुक्त टांगी भी बरामद
छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों को बताया कि घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 सितंबर को जगदेव भुइयां को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर जब्त कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, गांधी भुइयां शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी निर्मला देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर निर्मला करीब दो-तीन माह पहले अपने मायके चली गई थी।
घटना के दो दिन बाद आरोपी ससुर गिरफ्तार
20 सितंबर को गांधी ने ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने अपनी बेटी के साथ मारपीट और बदसलूकी शुरू कर दी। इसी दौरान गुस्से में जगदेव ने टांगी से गांधी पर प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के दो दिन बाद आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम में छतरपुर थाना प्रभारी सह अनुसंधानकर्ता सौरभ चौबे, पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय गोप सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
