झारखंड की बेटी निधि को मिली दोहरी सफलता, NEET-PG में AIR 801 के साथ UPSC CMS भी किया क्रैक
डॉ. निधि कुमारी ने नीट-पीजी 2026 में 801वीं रैंक हासिल करने के साथ ही यूपीएससी सीएमएस 2026 की लिखित परीक्षा भी उत्तीर्ण कर दोहरी सफलता प्राप्त की है।

डॉ. निधि कुमारी। (जागरण)
HighLights
डॉ. निधि कुमारी ने नीट-पीजी 2026 में 801वीं रैंक प्राप्त की।
उन्होंने यूपीएससी सीएमएस 2026 की लिखित परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की।
निधि का लक्ष्य बाल रोग विशेषज्ञ बनकर चिकित्सा सेवा देना है।
संवाद सूत्र, मोहम्मदगंज (पलामू)। मोहम्मदगंज निवासी स्वर्गीय कृष्ण बिहारी सिंह की पोती एवं अभय सिंह की पुत्री डॉ. निधि कुमारी ने चिकित्सा क्षेत्र में दोहरी सफलता हासिल की है।
उन्होंने नीट-पीजी 2026 में अखिल भारतीय रैंक 801 प्राप्त करने के साथ संघ लोक सेवा आयोग की संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा (सीएमएस) 2026 की लिखित परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।
जमशेदपुर में पली-बढ़ीं डॉ. निधि ने रिम्स, रांची से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। नीट-पीजी में शानदार रैंक के बाद उनका लक्ष्य बाल रोग विशेषज्ञ बनना है।
वह स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा के लिए दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज, वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज एवं सफदरजंग अस्पताल तथा चिकित्सा विज्ञान संस्थान, बीएचयू जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही हैं।
निधि को मिली दोहरी सफलता
इधर, यूपीएससी सीएमएस की लिखित परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा है। इस परीक्षा के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न चिकित्सा पदों के लिए चिकित्सकों का चयन किया जाता है।
लिखित परीक्षा के बाद चयन प्रक्रिया के अन्य चरण होते हैं। डॉ. निधि का फिलहाल प्राथमिक लक्ष्य सरकारी सेवा में जाने के बजाय स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर बाल रोग में विशेषज्ञता हासिल करना है।
उनका उद्देश्य विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में चिकित्सा क्षेत्र में सेवाएं देना है। उनकी दोहरी सफलता से परिवार और मोहम्मदगंज क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यह भी पढ़ें- झारखंड में IIIT के छात्र को मिला ₹1.25 करोड़ का पैकेज, दिग्गज टेक कंपनी में TPM पद पर हुआ सिलेक्शन
