पलामू के चियांकी में भूमि अधिग्रहण विवाद : 25 नामजद समेत 100 अज्ञात पर एफआईआर, पथराव मामले में कार्रवाई तेज
चियांकी गांव में फोरलेन भूमि अधिग्रहण के दौरान प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें दोनों पक्षों के ...और पढ़ें

अधिग्रहित जमीन पर बने मकान को तोड़ता जेसीबी। जागरण
HighLights
चियांकी में फोरलेन भूमि अधिग्रहण पर प्रशासन-ग्रामीणों में झड़प।
मुआवजे विवाद में चार ग्रामीण, तीन पुलिसकर्मी घायल हुए।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर(पलामू)। सदर थाना क्षेत्र के चियांकी में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) फोरलेन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के दौरान प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के मामले में पुलिस ने 25 नामजद एवं 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सदर अंचलाधिकारी जागो महतो के आवेदन पर सदर थाना में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसकी पुष्टि थाना प्रभारी अफजाल अंसारी ने की है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भूमि अधिग्रहण एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए प्रशासनिक और पुलिस टीम चियांकी पहुंची थी।
इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़कर झड़प में बदल गया। आरोप है कि भीड़ ने प्रशासन और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने 9 और 10 जुलाई को क्षेत्र में निषेधाज्ञा भी लागू की थी।एफआईआर के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के लिए अंतिम अवसर दिए जाने के दौरान कुछ लोगों ने भीड़ को उकसाया और एनएचएआई के निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाने के उद्देश्य से पथराव किया। आरोप है कि भीड़ ने सड़क निर्माण में लगे उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।
सदर अंचलाधिकारी के आवेदन पर दर्ज एफआईआर में अनिल उरांव, सुनील उरांव, पूर्णिमा देवी, अंकित कुमार, बसंती देवी, नंद किशोर पासवान, अनिल प्रसाद, शंभू शाह, रोहित शाह, रॉकी, राजू साव, सोनू साव, नगू प्रसाद गुप्ता, नागेंद्र, सरजीत प्रसाद, सत्यनारायण कुमार, जोगिंदर प्रसाद समेत 25 लोगों को नामजद किया गया है।
इनके अलावा 100 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पलामू का बढ़ा मान! सरकारी स्कूलों की राज्य रैकिंग में चौथे स्थान पर पहुंचा जिला, 12 अंकों की बड़ी छलांग
यह भी पढ़ें- गरीब रथ एक्सप्रेस के AC कोच में सांप ने डसा! पलामू में महिला की तबीयत बिगड़ी, डाल्टनगंज से दिल्ली जा रही थी ट्रेन
यह भी पढ़ें- पलामू में डायन का आरोप लगा घर में घुसे ग्रामीण, पीड़ित परिवार के साथ की मारपीट; महिला थाने में FIR
