छठ पर घर लौटना हुआ मुश्किल: दिल्ली-पंजाब से पलामू आने वाली सभी ट्रेनें फुल, गरीब रथ में 'Regret'
पलामू के हजारों प्रवासी छठ महापर्व पर घर लौटने के लिए ट्रेनों में कन्फर्म टिकट न मिलने से परेशान हैं।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
पलामू के प्रवासी छठ पर घर लौटने के लिए परेशान।
दिल्ली, पंजाब से ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे।
छठ स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का बेसब्री से इंतजार।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। लोक आस्था का महापर्व छठ सिर्फ व्रत नहीं, बल्कि घर लौटने और अपनों के साथ पर्व मनाने की परंपरा भी है।
लेकिन इस बार पलामू के हजारों प्रवासियों के लिए घर लौटना मुश्किल होता दिख रहा है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में काम करने वाले लोगों को छठ पर अपने घर पहुंचने के लिए ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं।
ऐसे में कोयल नदी के घाट पर अर्घ्य देने की उनकी उम्मीदों पर संकट मंडरा रहा है। दिल्ली से पलामू लौटने वाली नई दिल्ली-रांची गरीब रथ और राजधानी एक्सप्रेस में बुकिंग स्टेटस ‘रिग्रेट’ बता रहा है।
वहीं, झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में 9 से 12 नवंबर तक लंबी वेटिंग लिस्ट है। जम्मू तवी से पंजाब और हरियाणा होते हुए डालटनगंज आने वाली 18310 जम्मू तवी-टाटा एक्सप्रेस में भी सीटों की उपलब्धता नहीं होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
रेलवे की अग्रिम आरक्षण व्यवस्था के तहत बुकिंग शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में सीटें भर गईं। अब टिकट नहीं मिलने वाले प्रवासियों को छठ स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार है।
सीधी स्पेशल ट्रेन की दरकार
फिलहाल पंजाब और दिल्ली से होते हुए डालटनगंज आने के लिए किसी सीधी छठ स्पेशल ट्रेन की घोषणा नहीं हुई है। यात्रियों की चिंता केवल घर पहुंचने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्व के बाद काम पर लौटने के लिए टिकट मिलना भी चुनौती बना हुआ है।
रेलवे दिवाली और छठ के मद्देनजर 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक 12 हजार से अधिक स्पेशल ट्रेन फेरे संचालित कर रहा है।
हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार घोषित ट्रेनों में धनबाद मंडल के डालटनगंज और गढ़वा रोड होकर दिल्ली-पंजाब के लिए कोई सीधी स्पेशल ट्रेन शामिल नहीं है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 5 से 10 नवंबर के बीच हाजीपुर जोन स्तर पर छठ स्पेशल ट्रेनों की सूची घोषित किए जाने की संभावना है।
प्रवासियों को उम्मीद है कि नई ट्रेनों की घोषणा से उन्हें राहत मिलेगी और वे अपने घर लौटकर परिवार के साथ छठ महापर्व मना सकेंगे।
यह भी पढ़ें- झारखंड-ओडिशा के बीच चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन, 19 स्टेशनों पर स्टॉपेज; राष्ट्रपति दिखाएंगी हरी झंडी
