विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड-ओडिशा के बीच चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन, 19 स्टेशनों पर स्टॉपेज; राष्ट्रपति दिखाएंगी हरी झंडी

Published: Thu, 22 Oct 2026 04:01 PM (IST)Updated: Thu, 22 Oct 2026 04:02 PM (IST)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 28-29 अक्टूबर को ओडिशा दौरे पर रहेंगी, जहां वे रायरंगपुर और बादामपहाड़ में नए अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. राष्ट्रपति मुर्मु का 28-29 अक्टूबर को ओडिशा का दौरा।

  2. रायरंगपुर-बादामपहाड़ में नए रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगी।

  3. रायरंगपुर-पुरी नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगी।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 28 और 29 अक्टूबर को ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 29 अक्टूबर को राष्ट्रपति रायरंगपुर और बादामपहाड़ में नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगी।

इसके साथ ही रायरंगपुर-बादामपहाड़-पुरी नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। इस रेल सेवा से क्षेत्र के यात्रियों को पुरी आने-जाने के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। टाटानगर से चाईबासा होते हुए पुरी जाने वाली इस ट्रेन के कुल 19 कमर्शियल स्टॉपेज दिए गए हैं।

राष्ट्रपति 28 अक्टूबर को मयूरभंज जिले के रायरंगपुर स्थित दांडबोस हवाई पट्टी पर पहुंचेंगी। यहां से वह बहलदा स्थित मां किचकेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाएंगी।

इसके बाद महुलडीहा स्थित लक्ष्मी मंडप का दौरा और अपने निजी आवास पर कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी दिन वह रक्षा मेगा हेल्थ कैंप एवं नेत्र चिकित्सा शिविर के समापन समारोह में भी शामिल होंगी।

खेल छात्रावास की करेंगी घोषणा

दौरे के दूसरे दिन 29 अक्टूबर को राष्ट्रपति रायरंगपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नए खेल छात्रावास की घोषणा करेंगी। इसके अलावा बहु-कौशल विकास केंद्र का दौरा भी कार्यक्रम में शामिल है।

इसके बाद वह रायरंगपुर और बादामपहाड़ रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करने के साथ नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगी। कार्यक्रम के समापन के बाद राष्ट्रपति कालाइकुंडा वायुसेना स्टेशन के रास्ते दिल्ली रवाना होंगी।

राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों को लेकर ओडिशा के मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई है।

पहले दौरे की संभावित तिथि 27 और 28 अक्टूबर बताई गई थी। अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति का ओडिशा दौरा 28 और 29 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

यह भी पढ़ें- सुल्तानगंज और जमालपुर के बीच चलेंगी स्पेशल शटल ट्रेनें, रेलवे ने जारी किया टाइम-टेबल