Move to Jagran APP

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जरिए आदिवासी वोटरों को साधने में जुटी BJP, हर बूथ पर पढ़ी जा रही अभिभाषण की कॉपी

BJP राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जरिए मोदी सरकार के विकास और कल्याणकारी कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के प्लान के तहत प्रत्येक बूथ पर राष्ट्रपति के अभिभाषण की कॉपी पढ़ी जा रही है और संगोष्ठी आयोजित की जा रही है।

By Jagran NewsEdited By: Roma RaginiSat, 18 Mar 2023 11:38 AM (IST)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जरिए आदिवासी वोटरों को साधने में जुटी BJP, हर बूथ पर पढ़ी जा रही अभिभाषण की कॉपी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जरिए आदिवासी वोटरों को साध रही बीजेपी

मृत्युंजय पाठक, मेदिनीनगर (पलामू)। आम लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा होने में अब एक साल से भी कम का समय रह गया है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सत्तासीन भाजपा लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर सरकार बनाने के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। सबसे ज्यादा फोकस शक्ति केंद्र (मतदान बूथ) को सशक्त बनाकर चुनाव जीतने पर है।

इसके लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सामने कर मोदी सरकार के विकास और कल्याणकारी कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार के काम के साथ-साथ द्रौपदी मुर्मू के सहारे आदिवासी मतदाताओं को अपने पाले में खड़ा करना है।

बूथ कमेटी गठन को विधानसभा स्तर पर कार्यशाला

झारखंड में लोकसभा की 14 सीटें हैं। 2014 और 2019 में भाजपा ने 12-12 सीटों पर जीत दर्ज की थीं। 2024 में भी पहले की तरह प्रदर्शन के लिए भाजपा चुनावी मोड में आ चुकी है। शक्ति केंद्र सशक्तिकरण अभियान के तहत झारखंड भाजपा ने 20 मार्च तक सभी बूथों पर बूथ कमेटी गठन करने का लक्ष्य रखा है।

पहले भाजपा की 21 सदस्यीय बूथ कमेटी होती थी। इस बार बढ़ाकर 31 सदस्यीय कर दिया गया है। बूथ कमेटी गठित करने के लिए पलामू प्रमंडल (पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा) के सभी 11 समेत राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा चुका है।

इसमें प्रत्येक बूथ के दो-दो कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर बताया गया कि उन्हें कैसे और क्या करना है? इसके बाद 31 सदस्यीय बूथ कमेटी गठन करने की कवायद तेज हो गई है।

पांकी विधानसभा के लेस्लीगंज मंडल के जामुनडीह शक्ति केंद्र (बूथ) पर शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण की कॉपी पढ़ी गई। मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमित तिवारी मौजूद थे।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर संगोष्ठी

संसद के बजट सत्र के प्रारंभ में 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण हुआ था। इसमें मुर्मू ने नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के साथ ही भविष्य की योजनाओं को रेखांकित किया था।

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के प्लान के तहत प्रत्येक बूथ पर राष्ट्रपति के अभिभाषण की कॉपी पढ़ी जा रही है और संगोष्ठी आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से यह जानकारी दी जा रही है कि भ्रष्टाचार मुक्त इको-सिस्टम तैयार करने के लिए भ्रष्ट राजनीतिक दलों और उनके नेताओं के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है?

कमीशनखोरी को रोकने के लिए 300 योजनाओं का पैसा डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभुकों के खाते में भेजा जा रहा है। अब तक 27 लाख करोड़ रुपये भेजा जा चुका है। रोजगार सृजन के लिए क्या-क्या कदम उठाए गए हैं।

आदिवासियों के लिए सरकार के अभूतपूर्व कार्य

झारखंड में आदिवासी मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है। राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण के सहारे भाजपा बता रही है कि मोदी सरकार ने उनके लिए क्या-क्या कदम उठाए हैं। झारखंड प्रदेश भाजपा प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के अंश का ही हवाला देते हुए कहते हैं-आदिवासी गौरव के लिए मोदी सरकार ने अभूतपूर्व फैसले लिए हैं।

भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिन को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया है। 36 हजार से अधिक आदिवासी बहुल गांवों को प्रधानमंत्री आदिवासी आदर्श ग्राम योजना से विकसित किया जा रहा है।