अंजनी कुमार को मिला राष्ट्रपति पुलिस पदक
संवाद सूत्र हुसैनाबाद (पलामू) पलामू जिला के हुसैनाबाद प्रखंड के बड़ेपुर निवासी व वर्तमान में
संवाद सूत्र, हुसैनाबाद (पलामू): पलामू जिला के हुसैनाबाद प्रखंड के बड़ेपुर निवासी व वर्तमान में गुवाहाटी में पदास्थापित सीआइएसएफ के महानिरीक्षक अंजनी कुमार सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्राप्त हुआ है। सिंह का पदस्थापना सीआइएसएफ के उतरी पूर्वी खंड गुवाहाटी में हैं। मालूम हो कि पूर्व में भी उन्हें 2012 में स्वतंत्रता दिवस पर सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा जा चुका है। उनके परिजनों ने बताया कि उनकी सीआइएसएफ में नियुक्ति सिविल सेवा परीक्षा 1990 में उतीर्ण होने के बाद हुई थी। उत्कृष्ट व सराहनीय सेवाओं के लिये उन्हें विदेश में संयुक्त राष्ट्र पुलिस के अंतर्गत कोसोवो में कार्य करने के लिए भेजा गया। यहां की सेवाओं को लेकर जून 2003 में उन्हें संयुक्त राष्ट्र सिविलियन पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2010 में अंतरराष्ट्रीय पुलिस दल के सदस्य के रूप में सूडान भेजा गया, जहां उन्हें शान्ति के प्रति दी गई सेवाओं के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक से भी सम्मानित किया गया था। वे अपने कार्य क्षेत्र में ऊंचे दर्जे की दक्षता, प्रशासनिक कुशाग्रता व समर्पण के प्रतीक माने जाते है। बता दें कि अंजनी सेवानिवृत्त उच्च शिक्षा निदेशक सुंदरदेव सिंह के पुत्र व एके सिंह कॉलेज जपला के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह के छोटे भाई हैं।