पलामू में फंसे हैं बंगाल के 38 लोग
मेदिनीनगर संपूर्ण लॉकडाउन के बीच पलामू जिला मुख्यालय मुख्यालय के शाहपुर में बंगाल के 38 लोग फंसे हैं।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर : संपूर्ण लॉकडाउन के बीच पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शाहपुर में बंगाल के 38 लोग फंसे हुए हैं। 18 मार्च को वे लोग शाहपुर स्थित अख्तर अली के घर शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। 24 मार्च को वापसी के लिए उनका टिकट बुक था। हालांकि ट्रेन रद होने के कारण वे लोग बंगाल नहीं जा सके। अब वे घर वापसी के लिए परेशान हैं। रविवार को वे लोग सदर एसडीओ कार्यालय व शहर थाना पहुंचे। शहर थाना प्रभारी ने उन लोगों को आश्वासन दिया कि सुरक्षित घर वापस भेजने की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके लिए दो-तीन दिन इंतजार करना पड़ेगा। इधर, पलामू में फंसे असफर अली ने बताया कि वे लोग कोलकाता में हावड़ा और चकदल के रहने वाले हैं। शादी समापन के बाद घर लौटने के एक दिन पूर्व ट्रेन रद हो गई। इस कारण वे लोग कोलकाता नहीं जा सके। नई मुहल्ला निवासी अख्तर अली के घर शादी में आए थे। बारात 18 मार्च और वलीमा 21 मार्च को था। एसडीओ से मुलाकात की थी। आश्वासन मिला है कि राशन, गैस आदि मिलेगा। सुबह थाना पहुंचे। कहा गया कि एक-दो दिन ठहरें। वाहन इंतेजाम होते ही भेज दिया जाएगा। मौके पर अनवर अली, जमशेद आलम, परवेज आलम, समीर, दीपक, शाहबाज, अरशद आदि मौजूद थे।