टेंपो पलटने से 10 घायल, तीन की हालत नाजुक
सगालीम, पलामू : पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ सरैया देवी मंडप के निकट मंगलवार की शाम 6.30 बजे एक टेंपो पलट गया। इस घटना में टेंपो सवार 10 लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक घायलों को अस्पताल भेजने का उपाय किया जा रहा था।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि टेंपो पांकी से सवारी बैठाकर तरहसी जा रहा था। इसी बीच सरैया में पुल के समीप अज्ञात बोलेरो से साइड लेने के क्रम में असंतुलित होकर टेंपो पलट गया। इस घटना में तरहसी निवासी मालती देवी, कबूतरी कुंअर, फुलमती देवी, बीरेंद्र सिंह, पदमा निवासी प्रदीप भुइयां, नरेश सिंह, बंशी निवासी राजनाथ कुंअर,कुंदरी निवासी पंकज चौहान व उदित सिंह घायल हो गए। इनमें से कबूतरी कुंअर व फूलमती देवी की हालत चिंताजनक बताई जाती है। उक्त टेंपो तरहसी का बताया जाता है। घटना के बाद घटनास्थल पर जाम की स्थिति बनी हुई है।