संवाद सूत्र, हिरणपुर (पाकुड़) : हिरणपुर के हरिणडूबा पहाड़ के समीप सोमवार की सुबह पुलिस ने 25 वर्षीय गर्भवती महिला का शव बरामद किया। उसकी आंख और पेट पर गंभीर चाकू के निशान थे जबकि गले पर दबा जाने का निशान था। इसकी जानकारी के बाद एसपी हृदीप पी जनार्दनन, एसडीपीओ अजीत कुमार विमल घटना स्थल पर पहुंच मामले की जांच करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक पहाड़ के समीप मवेशी चराने गए चरवाहा ने देखा कि लावारिस हालत में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। इसकी जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचा तो पाया कि महिला की आंख और पेट पर गंभीर चाकू के निशान हैं, जबकि गले को दबाए जाने के कारण गहरा काला रंग पड़ गया है। महिला गर्भवती है तथा उसने हाथ में मेंहदी लगा रखी है।
मौके से पुलिस ने एक चाकू, महिला का जूता, पानी की बोतल बरामद किया है। घटना स्थल के पास स्थित पेड़ में महिला का सलवार टंगा हुआ मिला। मौके पर मजूद लोगों से शव की पहचान कराई गई लेकिन किसी ने भी शव की पहचान नहीं कर सकी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बीते रविवार को घटना स्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर श्रीरामपुर गांव में मेला लगा था। संभावना जताई जा रही है कि महिला किसी के साथ मेला देखकर घर लौट रही होगी। किसी बात को लेकर महिला से उसका विवाद हुआ होगा। इसमें गुस्से में आकर आरोपित ने पहले चाकू से घोंपने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी होगी। पुलिस ने बताया कि घटना स्थल का जायजा लेने पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि घटना पूर्व नियोजित था। पुलिस गंभीरता पूर्वक मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि दुष्कर्म की पुष्टि अभी नहीं की जा सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस ने यह भी बताया कि महिला का डीएनए टेस्ट भी होगा। घटना स्थल से बरामद सामग्री से मामले का खुलासा हो सकता है।
पाकुड़ एसपी हृदीप पी जनार्दनन ने कहा कि यह पूर्व नियोजित घटना प्रतीत हो रहा है। शव की पहचान नहीं हुई है। पुलिस गंभीरतापूर्वक मामले की जांच में जुटी है।