पत्नी ने सिर पर लाठी से प्रहार कर पति को मार डाला, गिरफ्तार
पत्नी ने सिर पर लाठी से प्रहार कर पति को मार डाला। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। घटना झारखंड के पाकुड़ की है।
पाकुड़, जेएनएन। झारखंड के पाकुड़ में पत्नी ने सिर पर लाठी से प्रहार कर पति को मार डाला। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। इस बीच, सिमडेगा में मां व चार साल के बेटे की हत्या का मामला सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, लिट्टीपाड़ा थाना के बोहड़ा गांव में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद में लुखी सोरेन ने पति परमेश्वर हांसदा के सिर पर लाठी से प्रहार कर मार डाला। पुलिस को इसकी जानकारी बुधवार रात मिली। पुलिस नेे शव को कब्जे में ले लिया है। साथ ही, आरोपित महिला को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी विमल कुमार सिंह ने बताया कि घटना के दिन आरोपित महिला लुखी ने घरेलू खर्च के लिए पति से रुपये मांगे थे, नहीं देने पर परमेश्वर के सिर पर लाठी से प्रहार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया और बाद मेेेंं मौत हो गई।
प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या, गिरफ्तार
साहिबगंज के बोरियो थाना क्षेत्र अंतर्गत धुलियानी गांव के जंगल में एक पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। बोरियो थाना पुलिस ने सोमवार को महिला का शव बरामद किया है। शव की शिनाख्त डोमडीह गांव निवासी मनोज टुडू की पत्नी सोनाली हेम्ब्रम (22) के रूप में की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज भेज दिया है। आरोपित पति मनोज व उसकी प्रेमिका शांति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानें, क्या है मामला
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मनोज टुडू का धुलियानी गांव निवासी शांति मुर्मू (20) के साथ कई वर्षों से प्रेम संबंध था। रविवार को मनोज टुडू अपनी पत्नी सोनाली हेम्ब्रम के साथ धुलियानी गांव में शांति के घर आया था। रात भर सभी साथ में रहे। सोमवार की सुबह मनोज टुडू व शांति मुर्मू अपने साथ सोनाली हेम्ब्रम को जंगल की ओर ले गए थे। उनका कहना था कि आम तोड़ने जा रहे हैं। वहां धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर सोनाली की हत्या कर दी गई। घटना के बाद दोनों धुलियानी गांव आए। वहां से वे भागने की फिराक में थे। तभी ग्रामीणों को जंगल में हत्या होने की भनक मिल गई। कई ग्रामीण जंगल गए तो वहां देखा कि सोनाली का शव पड़ा है।
गांव पहुंचकर मनोज व शांति मुर्मू को पकड़ ग्रामीणों ने पूछताछ शुरू कर दी। तब दोनों ने सोनाली की हत्या की बात स्वीकार कर ली। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर स्थानीय ग्राम प्रधान के जिम्मे कर दिया। बोरियो थाना पुलिस ने गांव पहुंचकर पति मनोज टुडु व उसकी प्रेमिका शांति मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। बोरियो थाना प्रभारी राजेश टुडू, आरके शिंह ने घटनास्थल पर पहुंच सघन छानबीन की। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। एसडीपीओ नवल शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे।