दामाद ने सास व देवर ने ली भाभी की जान
संवाद सूत्र लिट्टीपाड़ा (पाकुड़) पत्नी को मोबाइल नहीं देने से नाराज लुथु हांसदा ने सोमवार क
संवाद सूत्र, लिट्टीपाड़ा (पाकुड़) : पत्नी को मोबाइल नहीं देने से नाराज लुथु हांसदा ने सोमवार को देर शाम बहाबंदेला गांव में लोहे के रड से मारकर अपनी सास 40 वर्षीय चुमकई मुर्मू की जान ले ली। वहीं दूसरी घटना में सोम किस्कु ने मंगलवार सुबह सांवलापुर गांव में रिश्ते की भाभी 60 वर्षीय फूल मुर्मू की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए। फूल मुर्मू की हत्या का कारण पता नहीं चल पाया है।
थाना क्षेत्र के बहाबंदेला गांव में जानकारी देते हुए चुमकई मुर्मू के पुत्र जीतु सोरेन ने बताया कि उसकी बहन अगस्ता सोरेन की शादी डेढ़ माह पूर्व सुंदरापहाड़ी थाना क्षेत्र के डमरू तिलय गांव निवासी लुथु हांसदा के साथ हुई थी। एक सप्ताह से बहन और जीजा मेरे घर पर ही थे। एक दिन बहन का मोबाइल खो गया। जीजा लुथु मेरी मां पर मोबाइल खरीदने का दबाव बनाने लगे। इसी बात को लेकर मां और जीजा के बीच दो दिन से कहासुनी हो रही थी। घटना के दिन मां और बहन धान काटने के लिए खेत पर गई थी। जीजा लुथु खेत पर पहुंच मां से पुन: मोबाइल देने की बात कहने लगा। इसको लेकर पुन: मां और जीजा में तकरार हुई। इसी बीच जीजा ने लोहे के रड से मां के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद वह फरार हो गया। घटनास्थल पर अत्यधिक रक्तस्त्राव के कारण मां की मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। थाना प्रभारी प्रेमचंद भगत दलबल के साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं मंगलवार को सांवलापुर में हुई वारदात में फूल मुर्मू के पुत्र सावन किस्कु ने बताया कि मां सुबह गाय चराने गई थी। इसी बीच मां और रिश्ते में चाचा सोम किस्कु के बीच कुछ बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान चाचा सोम ने धारदार हथियार से मां की हत्या कर दी और फरार हो गया। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। सावन ने सोम के खिलाफ मंगलवार को हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।